क्राइममध्य प्रदेश

गाडरवारा: थाना परिसर में पूजा करने वाले पुजारी के घर चोरी

गाडरवारा में सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवरात ले उड़े चोर, पुलिस के लिए बनी चुनौती

गाडरवारा।
गाडरवारा शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने स्थानीय गोकुलधाम कॉलोनी, विवेकानंद वार्ड निवासी महेश शर्मा के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश शर्मा लंबे समय से थाना परिसर स्थित हनुमान जी की मढ़िया में पूजा-अर्चना का कार्य करते हैं और स्थानीय लोगों के बीच एक धार्मिक एवं शांत स्वभाव के व्यक्ति के रूप में जाने जाते हैं। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वे अपने पिता की तबीयत खराब होने के कारण बरमान गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बना लिया।

घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर

स्थानीय लोगों के अनुसार चोर देर रात घर में घुसे और अलमारी तथा अन्य सामान खंगालते हुए सोने एवं चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों और परिवार को लगी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जानकारी जुटाई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक चोरों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया था।

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विवेकानंद वार्ड और आसपास के क्षेत्रों में चोरी, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई बार शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

कुछ लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में क्या हो रहा है इसकी जानकारी होने के बावजूद प्रभावी निगरानी और कार्रवाई नहीं की जा रही। यही कारण है कि चोरों और असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं।

पुलिस के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी चोरी

इस घटना को लेकर शहर में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि चोरी किसी आम व्यक्ति के घर नहीं बल्कि थाना परिसर में वर्षों से पूजा-पाठ करने वाले पुजारी के घर हुई है। ऐसे में यह मामला पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस से जुड़े और थाना परिसर में सेवा देने वाले व्यक्ति का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!