मध्य प्रदेश

महाराणा प्रताप महाविद्यालय में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती

जनजातीय गौरव दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद, युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान

गाडरवारा। स्थानीय महाराणा प्रताप शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गाडरवारा में शासन के निर्देशानुसार प्राचार्य डॉ. जवाहर शुक्ला के मार्गदर्शन में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान बिरसा मुंडा के पूजन-अर्चन तथा माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्षपूर्ण जीवन, त्याग और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का स्मरण किया।

अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक हैं भगवान बिरसा मुंडा : डॉ. शर्मा

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के भौतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, संघर्षों और ऐतिहासिक योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन अन्याय, शोषण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने अल्पायु में ही अपने अदम्य साहस, असाधारण नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम से जनजातीय समाज में जागरूकता की नई चेतना उत्पन्न की।

डॉ. शर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के महानायक ही नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र के गौरव और युवाओं के लिए आदर्श व्यक्तित्व हैं। उनका संघर्ष, त्याग, स्वाभिमान और समाज के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में रहा महत्वपूर्ण योगदान

कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. अभिषेक श्रीवास्तव ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन की शोषणकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को संगठित किया और उन्हें स्वतंत्रता, स्वाभिमान एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाया। उनका संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

प्राध्यापक एवं कर्मचारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर डॉ. प्रीतिराज पटेल, नीतेश शर्मा, रामसनेही कौरव, शुभम साहू, नेतराम धानक, हल्के कहार सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. पिंटू दास ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों, विचारों और संघर्षमय जीवन से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने के संकल्प के साथ हुआ।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!