गाडरवारा बनेगा क्रिकेट का महाकुंभ, 27 राज्यों के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम: मंत्री उदयप्रताप सिंह
11 से 17 नवंबर तक होगी 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता, ओपन स्टेडियम का भूमिपूजन और चीचली आईटीआई भवन का होगा लोकार्पण

गाडरवारा। शहर के लिए यह गौरव और उत्साह का बड़ा अवसर है। आगामी 11 से 17 नवंबर तक गाडरवारा में 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 बालक वर्ग का आयोजन होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के 27 राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम के खिलाड़ियों का संगम गाडरवारा की धरती पर देखने को मिलेगा। यह आयोजन किसी क्रिकेट महाकुंभ से कम नहीं होगा।
मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा क्षेत्रीय विधायक उदयप्रताप सिंह ने मंगलवार को एक निजी होटल में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना गाडरवारा के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रतियोगिता के मुकाबले रुद्र मैदान गाडरवारा सहित क्षेत्र के अन्य ग्रामीण खेल मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे।
मंत्री सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों से आयोजन का व्यापक कवरेज करने और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि देशभर की युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बड़ा मंच है। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण, सुविधाएं और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
क्रिकेट प्रतियोगिता के साथ विकास कार्यों की सौगात
मंत्री उदयप्रताप सिंह ने बताया कि 11 नवंबर को प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के साथ गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा। गाडरवारा में प्रस्तावित ओपन स्टेडियम का भूमिपूजन होगा, वहीं चीचली में नवनिर्मित आईटीआई भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा अन्य विकास कार्यों की भी सौगात क्षेत्र को मिलेगी।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी शामिल होंगे।
देशभर में रोशन होगा गाडरवारा का नाम
मंत्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से गाडरवारा को देशभर में नई पहचान मिलेगी। क्षेत्र के स्थानीय युवा खिलाड़ियों को 27 राज्यों से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का खेल नजदीक से देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और खेल मैदानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा, भाजपा नेता मुकेश मरैया, डॉ. हरगोविंद सिंह एवं राव संदीप सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत शर्मा ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन एवं तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।







