अभिनय से आत्मबोध तक : कला, चेतना और आशुतोष राना

जन्मदिन पर आलेख – सुशील शर्मा)
सच्ची कला केवल अभिनय नहीं होती, वह अंतर्मन की गहराइयों का प्रकटीकरण है। आधुनिक युग में जहां दृश्य माध्यम अक्सर शोर, चकाचौंध और उथली संवेदनाओं का बंधक बन चुका है, वहां कुछ व्यक्तित्व ऐसे उभरते हैं जो प्रदर्शन को प्रज्ञा से जोड़ते हैं। आशुतोष राना ऐसे ही सर्जक हैं जिन्होंने भारतीय रंगमंच, सिनेमा और साहित्य में अपनी विशिष्ट पहचान केवल अभिनय कौशल के बल पर नहीं, बल्कि अपनी वैचारिक प्रखरता और भाषाई गरिमा के दम पर स्थापित की है।
उनका संपूर्ण कला-संसार इस बात का साक्षी है कि कलाकार जब अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ता है, तो उसका प्रभाव कितना कालजयी हो सकता है। पर्दे पर चाहे कोई खूंखार खलनायक का चरित्र हो, कोई आध्यात्मिक साधक हो अथवा किसी संवेदनशील नागरिक की भूमिका; राना के पात्र सतही नहीं होते। वे चरित्र के भीतर बैठकर उसके मनोवेगों, कुंठाओं, आस्थाओं और अंतर्द्वंद्वों को जीते हैं। भारतीय नाट्यशास्त्र में रस और भाव की जो अवधारणा बताई गई है, उसका जीवंत उदाहरण उनकी आंखें और संवाद अदायगी में देखने को मिलता है।
परंतु आशुतोष राना का व्यक्तित्व केवल एक अभिनेता तक सीमित नहीं रहता। उनकी पहचान एक चिंतक और सशक्त गद्यकार के रूप में भी उतनी ही दृढ़ है। आज जब हिंदी भाषा और उसकी बोलियों को दोयम दर्जे पर धकेलने का एक अनकहा चलन दिखाई देता है, तब राना अपनी माटी की गंध, लोकभाषा की मिठास और विशुद्ध साहित्यिक हिंदी को पूरी ठसक और गर्व के साथ राष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुत करते हैं। ‘रामराज्य’ और ‘मौन मुस्कान की मार’ जैसी उनकी कृतियां यह स्पष्ट करती हैं कि उनका अध्ययन केवल पटकथाओं तक सीमित नहीं है; वे उपनिषदों, दर्शन, लोकसंस्कृति और मानव मनोविज्ञान की गहरी समझ रखते हैं।
एक कलाकार का समाज के प्रति क्या उत्तरदायित्व होना चाहिए? इस प्रश्न का उत्तर उनके संपूर्ण जीवन-दर्शन में मिलता है। वे कला को मनोरंजन के साथ-साथ चेतना जगाने का माध्यम मानते हैं। वे यह सिखाते हैं कि यश और विलासिता के युग में भी अपनी परंपरा, शिष्टाचार और वैचारिक स्पष्टता को खोए बिना सर्वोच्च शिखर तक पहुंचा जा सकता है। उनका जन्मदिन मात्र एक व्यक्ति के जीवन का उत्सव नहीं, बल्कि इस विश्वास का स्मरण है कि जब अभिनय में आत्मीयता, वाणी में विवेक और जीवन में सरलता का संगम होता है, तभी एक कलाकार लोक-मानस का अभिन्न अंग बनता है।
सुशील शर्मा







