मध्य प्रदेश

दीपावली से पहले मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर कराई नष्ट

मीठा मावा और मिठाइयों में उपयोग होने वाली सामग्री के लिए सैंपल, सुबह से शाम तक चली जांच; मिलावटखोरों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी

गाडरवारा। दीपावली का त्यौहार नजदीक आते ही खाद्य विभाग सक्रिय हो गया है। नगर में खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग की टीम ने मिठाई दुकानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से स्थानीय मिठाई विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। टीम ने नगर की अनेक प्रमुख मिठाई दुकानों पर पहुंचकर मिठाइयों की गुणवत्ता और उनमें इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान मिठाइयों में उपयोग होने वाले मीठा मावा, केमिकल पाउडर, रंग तथा अन्य खाद्य सामग्रियों की पड़ताल की गई। इस दौरान कई दुकानों पर एक्सपायरी डेट के बिस्कुट, टॉफी, चिप्स एवं अन्य खाद्य सामग्री भी पाई गई। खाद्य विभाग की टीम ने उक्त सामग्री को मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया।

मावा और मिठाइयों के सैंपल जांच के लिए भेजे

खाद्य विभाग की यह कार्रवाई सुबह से लेकर शाम तक लगातार जारी रही। खाद्य अधिकारी कविता राठौर ने विभिन्न मिठाई दुकानों से मीठा मावा एवं मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री के नमूने लिए। इन नमूनों को सीलबंद कर गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को प्रतिवेदन भेजा जाएगा।

नगर पालिका की टीम भी रही मौजूद

इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा, राजस्व निरीक्षक अमित कोष्टी, बबलू चौहान, नरेंद्र कोरी, नरेश रजक सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दीपावली के त्यौहार के दौरान मिलावटी, एक्सपायरी और खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

त्यौहार पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच विभाग की इस कार्रवाई ने खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा किया है। अब देखना होगा कि जांच में लिए गए नमूनों की रिपोर्ट क्या सामने आती है और नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर कितनी सख्ती से कार्रवाई होती है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!