दीपावली की रौनक से जगमगाया गाडरवारा, बाजारों में उमड़ी खरीदारों की भीड़
ज्वेलर्स से लेकर पूजन सामग्री और मिठाइयों की दुकानों तक बढ़ी चहल-पहल, फूलों और सजावटी सामान से सजे बाजार; यातायात व स्वच्छता व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सक्रिय

गाडरवारा। दीपावली पर्व की दस्तक के साथ ही नगर में त्यौहारी रौनक अपने पूरे शबाब पर नजर आने लगी है। शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी की चहल-पहल बढ़ गई है। सुबह से देर शाम तक बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। घरों को सजाने-संवारने से लेकर पूजा-पाठ की तैयारियों तक हर तरफ दीपावली का उत्साह दिखाई देने लगा है।
नगर के ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों पर सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। धनतेरस से पहले ही सराफा बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। वहीं झंडा चौक पर पूजन सामग्री और सजावटी सामान की दुकानें सज गई हैं। यहां मिट्टी के दीये, रंगोली के रंग, तोरण, झालर और अन्य पूजन सामग्री की जमकर बिक्री हो रही है।
पानी की टंकी क्षेत्र इन दिनों फूलों की मंडी का रूप लेने लगा है। यहां गेंदा और गुलाब सहित विभिन्न प्रकार के फूलों की दुकानें सज गई हैं। दीपावली पूजन और घरों की सजावट के लिए लोग फूलों की खरीदारी कर रहे हैं। नगर की पुरानी गल्ला मंडी में भी नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थान पर दीपावली का विशाल बाजार सजाया जा रहा है। यहां लक्ष्मीजी के चित्र, मिट्टी की मूर्तियां, लाई, रुई, कैलेंडर, बताशे और खिलौनों सहित पूजन सामग्री की सैकड़ों दुकानें लगना शुरू हो गई हैं।
मिठाई की दुकानों पर भी दीपावली की तैयारियां दिखाई देने लगी हैं। विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से सजे काउंटर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। शिवालय चौक, शुक्रवारा बाजार, स्टेशन रोड, अस्पताल मार्ग और पलौटन गंज सहित नगर के प्रमुख बाजारों में त्यौहारी खरीदारी का माहौल बनने लगा है।
घरों की सजावट और रंग-रोगन में जुटे लोग
दीपावली को लेकर लोग अपने घरों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और पुताई के कार्य में जुटे हुए हैं। इसके चलते कलर-पेंट की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। घरों को आकर्षक रूप देने के लिए लोग अपनी पसंद के रंग और सजावटी सामग्री खरीद रहे हैं।
यातायात और स्वच्छता व्यवस्था पर प्रशासन का ध्यान
त्यौहारी बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए नगर निरीक्षक अशोक चौहान ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी दुकानें इस तरह लगाएं, जिससे आम नागरिकों के आवागमन में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा ने कहा कि दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। त्यौहार के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ ही बाजारों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
कुल मिलाकर दीपावली के आगमन के साथ ही गाडरवारा के बाजारों में रौनक लौट आई है। दुकानदारों को जहां अच्छे कारोबार की उम्मीद है, वहीं नगरवासी भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ दीपावली की तैयारियों में जुटे हुए हैं।







