बरेठा घाट पर बड़ा हादसा: आम से भरा ट्रक कार पर पलटा, नागपुर के दो लोग बाल-बाल बचे
बैतूल शाहपुर के बरेठा घाट पर भीषण सड़क हादसा, आम से भरा ट्रक कार पर पलटा। नागपुर के दो लोग बाल-बाल बचे, पुलिस जांच जारी।

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता
शाहपुर/बैतूल। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेठा घाट के सारणी मोड़ के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आम से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एक लग्जरी कार के ऊपर पलट गया। राहत की बात यह रही कि कार सवार दोनों लोग इस गंभीर हादसे में बाल-बाल बच गए।
बस को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लग्जरी कार (एमएच-49-सीडी-6354) इटारसी की ओर आ रही थी। कार में शुभम मेश्राम (25 वर्ष) और विकास मेश्राम (47 वर्ष) सवार थे, जो के निवासी बताए जा रहे हैं।
बरेठा घाट की ढलान पर सामने से एक बस आ गई, जिसे बचाने के लिए कार चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रहा आमों से भरा ट्रक (एमएच-40-सीटी-7999) भी संतुलन खो बैठा और सीधे कार के ऊपर पलट गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीओपी शाहपुर राजेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार ट्रक के नीचे दब गई थी, जिससे हादसा बेहद भयावह नजर आ रहा था।
सुरक्षा फीचर्स ने बचाई जान
कार के आधुनिक सुरक्षा फीचर्स और यात्रियों की किस्मत के चलते दोनों को गंभीर चोटें नहीं आईं। यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी, लेकिन समय रहते बड़ा नुकसान टल गया।
क्रेन की मदद से हटाया गया ट्रक
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से क्रेन बुलाकर ट्रक को हटाया गया और सड़क पर यातायात बहाल किया गया। कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।







