मध्य प्रदेश

शासकीय कन्या विद्यालय में उत्साह और उमंग के साथ मनाया बाल दिवस, लगा बाल मेला

छात्राओं ने लगाए स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल, विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर; विजेता छात्राओं को किया गया पुरस्कृत

गाडरवारा। स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं के साथ आकर्षक बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कौशल का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मालती मेहरा एवं अन्य शिक्षिकाओं द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस दौरान छात्राओं ने करतल ध्वनि के साथ अतिथियों का स्वागत किया। बाल मेले के आयोजन से पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया।

खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया दमखम

बाल दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। स्लो साइकिल दौड़ प्रतियोगिता में राशिका केवट एवं हेमलता धानक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किए।

इसी क्रम में आयोजित कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता पांच राउंड में संपन्न हुई। इसमें शीतल साहू, लक्ष्मी कहार, याशिका कोरी, कोमल प्रीतकौर, सीता छीपा एवं प्रिंसी मेहरा ने बेहतर प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किए।

व्यंजनों के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

बाल मेले का सबसे आकर्षक हिस्सा छात्राओं द्वारा लगाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल रहे। छात्राओं ने अपने हाथों से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर स्टॉलों के माध्यम से प्रस्तुत किए। अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा छात्राओं द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। छात्राओं की रचनात्मकता और पाककला ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

शिक्षिकाओं के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन की ओर से रश्मि शुक्ला, श्रीमती निर्मला पाराशर, आरती कौरव, मुस्कान यादव एवं सीमा कोरी सहित अन्य शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। बाल दिवस का यह आयोजन छात्राओं के लिए मनोरंजन के साथ-साथ आपसी सहयोग, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक बेहतर अवसर साबित हुआ।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!