मध्य प्रदेश

बैतूल में गणपति दर्शन के दौरान 17 वर्षीय छात्रा की मौत, डीजे की तेज आवाज को लेकर परिजनों ने उठाए सवाल

प्रतीक्षा वर्मा कॉलेज परिसर में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची थी; चक्कर आने के बाद अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट जैसी स्थिति बताई

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता

बैतूल। शहर के जेएच कॉलेज परिसर में गणपति दर्शन के दौरान 17 वर्षीय छात्रा प्रतीक्षा वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। छात्रा अपनी छोटी बहन और अन्य परिचितों के साथ गणेश प्रतिमा के दर्शन के लिए कॉलेज पहुंची थी। इसी दौरान उसे चक्कर आया और वह गिर गई। परिजन और प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर डीजे की तेज आवाज होने की बात कही है, हालांकि पुलिस और चिकित्सकों के अनुसार डीजे की आवाज और छात्रा की मौत के बीच सीधा संबंध अभी स्थापित नहीं हुआ है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

दर्शन के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतीक्षा वर्मा सुहागपुर ढाना की रहने वाली थी और बैतूल में रहकर जेएच कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। साथ ही वह एसएससी जीडी की तैयारी भी कर रही थी। शुक्रवार रात वह अपनी छोटी बहन वेदिका के साथ कॉलेज परिसर में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची थी।

परिजनों के मुताबिक, रात करीब 8:15 बजे कॉलेज पहुंचने के कुछ देर बाद प्रतीक्षा को चक्कर आया और वह गिर पड़ी। उसकी बहन एवं आसपास मौजूद लोगों ने मदद की। इसके बाद छात्रा को बाइक से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर नहीं थी कैरोटिड पल्स

जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. निशांत यादव के अनुसार, छात्रा को अस्पताल लाए जाने के समय उसकी कैरोटिड पल्स नहीं थी और ईसीजी में फ्लैट लाइन आई। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के मुताबिक शुरुआती स्थिति कार्डियक अरेस्ट जैसी प्रतीत हुई। छात्रा को पहले से कोई हृदय संबंधी बीमारी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने भी जांच शुरू की

एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के अनुसार पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 9:30 बजे मिली थी। छात्रा गणेश प्रतिमा के दर्शन करने गई थी, जहां अचानक चक्कर आने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार छात्रा को बचपन में हृदय संबंधी समस्या होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होने की बात कही गई है।

परिजनों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने शनिवार सुबह पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का कहना है कि कॉलेज परिसर में डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था और इसी दौरान प्रतीक्षा को चक्कर आया।

परिजनों ने डीजे संचालक तथा कॉलेज परिसर में डीजे बजाने की अनुमति देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों की ओर से डीजे के तेज साउंड को लेकर न्यायालय जाने की तैयारी की बात भी कही गई है।

बहन ने कहा- डीजे की आवाज काफी तेज थी

प्रतीक्षा की बहन वेदिका के मुताबिक कॉलेज परिसर में डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था। इसी दौरान प्रतीक्षा को चक्कर आया। उसे जुलूस से अलग बैठाया गया और परिवार को सूचना दी गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वेदिका के अनुसार अस्पताल पहुंचने तक प्रतीक्षा बेहोश थी।

चाचा ने डीजे संचालक पर कार्रवाई की मांग की

छात्रा के चाचा मोहनदास ने आरोप लगाया कि डीजे के तेज शोर के कारण प्रतीक्षा की तबीयत बिगड़ी। उन्होंने डीजे संचालक और कॉलेज परिसर में डीजे बजाने की अनुमति देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कलेक्टर ने दिए डीजे का साउंड कम कराने के निर्देश

घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर डॉ. संजय सोनवाने ने पुलिस अधीक्षक से डीजे को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने गणेश मंडलों को समझाइश देने तथा तेज आवाज में बजाए जा रहे डीजे का साउंड कम करवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छात्रा के निधन पर दुख जताते हुए लोगों से ध्वनि स्तर एवं स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को लेकर गंभीरता बरतने की अपील की।

मौके पर तहसीलदार ने भी पहुंचकर परिजनों से चर्चा की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच के निष्कर्षों से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रतीक्षा की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण क्या था और डीजे की ध्वनि का इसमें कोई प्रत्यक्ष संबंध था या नहीं।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!