खेलमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

गाडरवारा में राष्ट्रीय क्रिकेट का महाकुंभ शुरू, 70वीं शालेय प्रतियोगिता का मंत्री विश्वास सारंग ने किया शुभारंभ

देशभर के अंडर-19 क्रिकेट खिलाड़ियों ने किया मार्चपास्ट, मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले– गाडरवारा के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी गौरव का अवसर

गाडरवारा। खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने और स्कूली स्तर पर क्रिकेट को प्रोत्साहित करने की दिशा में गाडरवारा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रूद्र मैदान में बुधवार को 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 बालक वर्ग का भव्य शुभारंभ हुआ। 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से क्रिकेट टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह तथा नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट कर अपनी खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया। अतिथियों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

खेल केवल जीत-हार नहीं, जीवन में सफलता का माध्यम : विश्वास सारंग

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, संयम, समर्पण और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। खेल के मैदान में सीखे गए गुण व्यक्ति को जीवन के मैदान में भी सफलता हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट में खिलाड़ी मैदान पर एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी होते हैं, लेकिन मैच समाप्त होने के बाद मित्रवत व्यवहार करते हैं। यही वास्तविक खेल भावना है, जिसे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनाया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘खेलोगे तो खिलोगे’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश को फिट बनाने के लिए नागरिकों का फिट होना जरूरी है। इसके लिए युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।

मध्यप्रदेश खेलों में देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा : मंत्री सारंग

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार खेलों, खिलाड़ियों और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पहले राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में मध्यप्रदेश की स्थिति 16वें-17वें स्थान के आसपास थी, लेकिन पिछले दो वर्षों से प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा है। यह खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं और खेलों के विकास का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में खेल परिसर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश में लगभग 11 आवासीय खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां 18 खेलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन अकादमियों का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करती है। उन्होंने पहली बार मध्यप्रदेश में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी।

क्रिकेट को लेकर उन्होंने कहा कि सामान्यतः खेल विभागों में क्रिकेट को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाता, लेकिन इसकी लोकप्रियता को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इसे भी खेल गतिविधियों में शामिल करने की पहल की है। पिछले एमपी खेलो यूथ गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया गया था। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी राज्यों के खिलाड़ियों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत करते हुए पूरे उत्साह और खेल भावना से खेलने की शुभकामनाएं दीं।

अनुशासन और समर्पण से देश का नाम रोशन करेंगे युवा खिलाड़ी : उदय प्रताप सिंह

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी गाडरवारा के लिए गौरव का अवसर है। स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि देशभर से आए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, नगर पालिका परिषद, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, अच्छी आवास व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें प्रतियोगिता के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। आज मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिश्रम के बिना सफलता संभव नहीं है। अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास ही किसी खिलाड़ी को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में से कोई भविष्य में सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग जैसे महान क्रिकेटरों की तरह देश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश की महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां भी खेलों में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की भाषाएं और संस्कृति भले ही अलग हों, लेकिन खेल सभी को एक सूत्र में जोड़ता है। भारत की विविधता ही उसकी विशेषता है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ का पूरा सहयोग करने का आग्रह किया। साथ ही प्रतियोगिता की गतिविधियों और खिलाड़ियों की उपलब्धियों को सकारात्मक रूप से सामने लाने में मीडिया की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

भारतीय क्रिकेट को मिल रहा वैश्विक मंच : सांसद दर्शन सिंह चौधरी

नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि गाडरवारा की पावन धरा पर देश के विभिन्न राज्यों से खिलाड़ियों का पहुंचना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंडर-19 स्तर पर भारतीय युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन किया है।

उन्होंने महिला क्रिकेट खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए क्षेत्र की बेटी सुनीता सराठे और क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ का विशेष उल्लेख किया।

सांसद ने कहा कि वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों तथा वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया जाना भारतीय क्रिकेट और युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि आज प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मार्चपास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के दलों ने काबरा मेमोरियल स्कूल के बैंड दल की अगुवाई में आकर्षक मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए उपस्थित अतिथियों का अभिवादन किया।

क्रेयॉन स्कूल एवं काबरा मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिता की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। देवांश तिवारी ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन बनाए रखने की शपथ दिलाई।

खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने आभार प्रदर्शन किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति काकोड़िया, पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, नगरपालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, नगर परिषद साईंखेड़ा अध्यक्ष श्रीमती स्वाति अग्रवाल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, राजेंद्र साहू, ममता पांडे, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव एवं ऋचा स्थापक, मुकेश मरैया, डॉ. हरगोविंद पटेल, ठाकुर राजीव सिंह, नंदकिशोर ठाकुर, प्रियंक जैन, राव संदीप सिंह एवं चंद्रकांत शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा संयुक्त संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी, एसडीएम प्रगति वर्मा, बीईओ सीमा डोंगरे, वीरेंद्र राजपूत, बीआरसी डीके पटेल, संदीप स्थापक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, पत्रकार तथा विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी और उनके कोच मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री एवं श्री मनीष शंकर तिवारी ने किया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आयोजन से गाडरवारा को देशभर में पहचान मिलने के साथ ही स्थानीय खेल प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को देखने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!