500 वर्ष बाद राम मंदिर बन सकता है तो गौ माता राष्ट्रमाता क्यों नहीं बन सकतीं? – सनातन महाराज नंद बाबा
गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत 4 दिसंबर को भोपाल पहुंचने का संतों ने किया आह्वान, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा प्रार्थना पत्र

गाडरवारा। जप, तप, पूजन, साधना और यज्ञ कर्म तभी सार्थक हो सकते हैं, जब गौ माता सुखी और सुरक्षित हों। आज विचार करने की आवश्यकता है कि गौ माता की वह प्रतिष्ठित स्थिति कहां खो गई, जिसके लिए भारतीय संस्कृति में उन्हें सर्वोच्च सम्मान दिया जाता रहा है। केवल गौ माता की जय-जयकार करने से कुछ नहीं होगा, बल्कि उनके सम्मान और संरक्षण के लिए धरातल पर ठोस प्रयास करने होंगे। यह विचार श्री देव रामजानकी खिरका मंदिर में अन्नकूट भंडारे के अवसर पर आयोजित गौ सम्मान संगोष्ठी में मुख्य वक्ता श्री श्री सनातन महाराज नंद बाबा ने व्यक्त किए।
राजस्थान में 3500 नंदियों के लिए नंदीशाला संचालित करने वाले सनातन महाराज नंद बाबा ने कहा कि गौ माता ममतामयी, कृपामयी तथा भक्ति और ज्ञान की प्रतीक हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण संभव हो सकता है, धारा 370 हटाई जा सकती है और नोटबंदी जैसे बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं, तो फिर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा क्यों नहीं दिया जा सकता?
उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समाजजनों से गौ सम्मान आह्वान अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने की अपील की। साथ ही 4 दिसंबर को भोपाल में आयोजित होने वाले अभियान में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
4 दिसंबर को देशभर की राजधानियों में होगा गौ सम्मान अभियान
सनातन महाराज ने बताया कि 4 दिसंबर को देश के सभी प्रदेशों की राजधानियों में कीर्तन करते हुए गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान करने की मांग उठाई जाएगी। इस अवसर पर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे। उन्होंने कहा कि गौ माता के सम्मान, संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
गाय में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास : नरसिंहदास जी महाराज
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर पूज्य नरसिंहदास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि गाय हमारी माता है। भगवान श्रीकृष्ण ने अपने जीवन और लीलाओं के माध्यम से गौ माता के महत्व को समाज के सामने रखा है। हमारी संस्कृति में गौ पूजन का विशेष महत्व है।
उन्होंने कहा कि हम भले ही 33 कोटि देवी-देवताओं के नाम अलग-अलग न जानते हों, लेकिन गौ माता की पूजा-अर्चना करने से सभी देवी-देवताओं की आराधना का पुण्य प्राप्त होता है, क्योंकि मान्यता है कि गौ माता में समस्त देवी-देवताओं का वास है। इसलिए प्रत्येक सनातनी को गौ सेवा और गौ पूजन को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए।
गौशाला सेवा के 13 वर्ष पूर्ण होने पर हुआ आयोजन
मंदिर की गौशाला सेवा के 13 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस गौ सम्मान संगोष्ठी में अनेक संत-महात्माओं ने अपने विचार रखे। इनमें महामंडलेश्वर श्री चित्र प्रकाशानंद जी महाराज वृंदावन, साध्वी पीतांबर नंद दीदी भोपाल, महामंडलेश्वर श्री सीतारामदास त्यागी जी महाराज बरमान, महामंडलेश्वर श्री ब्रिज किशोर दास जी महाराज बौरास कुटी एवं श्री नेपाली बाबा सहित अन्य संतों ने गौ माता के महत्व, सेवा, संरक्षण और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं पर प्रकाश डाला।
इसके पूर्व सभी संतों ने मंदिर की गौशाला पहुंचकर गौ माता का विधिवत पूजन किया तथा गौशाला के दर्शन कर गौ सेवा के कार्यों की सराहना की। संगोष्ठी के समापन पर महाआरती का आयोजन हुआ। इसके पश्चात भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर अन्नकूट भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम का सफल संचालन बसंत जोशी ने किया। धार्मिक वातावरण में संपन्न इस आयोजन में गौ माता के सम्मान, संरक्षण और सेवा के संकल्प के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।







