मध्य प्रदेश

सालीचौका में बूढ़ी हो चुकी एल.टी. लाइन बनी परेशानी, खुले तारों से हो रही बिजली सप्लाई, बार-बार फाल्ट और हादसों का खतरा बढ़ा

संवाददाता अवधेश चौकसे

सालीचौका, नरसिंहपुर।
सालीचौका नगर में वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी एल.टी. लाइन अब स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है। नगरवासियों का आरोप है कि जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पुराने खुले तार हटाकर नई केबिल लाइन डाल दी गई है, वहीं सालीचौका नगर में आज भी पुराने और कमजोर तारों के सहारे बिजली सप्लाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के कई हिस्सों में विद्युत खंभों पर लगी एल.टी. लाइन इतनी पुरानी हो चुकी है कि थोड़े से लोड या मौसम खराब होते ही फाल्ट की स्थिति बन जाती है। आए दिन तार टूटने और बिजली बाधित होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बिजली चोरी से बढ़ रहा लोड

नगरवासियों का आरोप है कि कई घरों में खुले तारों में सीधे “कोकड़ा” फंसाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा है। इतना ही नहीं, कुछ स्थानों पर दो-दो हजार वॉट के हीटरों का उपयोग भोजन पकाने तक के लिए किया जा रहा है, जिससे पुरानी लाइन पर अतिरिक्त लोड पड़ रहा है।

लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ते लोड के कारण तार गर्म होकर टूट जाते हैं और ट्रांसफार्मर पर भी अत्यधिक दबाव बनता है। इससे बार-बार बिजली गुल होने और फाल्ट बनने की समस्या बनी रहती है।

हादसे की आशंका से लोग चिंतित

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जर्जर तारों के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। खुले और नीचे लटकते तार बारिश या तेज हवा के दौरान और अधिक खतरनाक हो जाते हैं। लोगों को डर है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है।

नगरवासियों ने यह भी कहा कि पुराने तारों के कारण पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल पाता, जिससे घरेलू उपकरण प्रभावित होते हैं और कई बार खराब भी हो जाते हैं।

केबिल लाइन डालने की मांग तेज

लोगों की मांग है कि नगर के सभी पुराने खुले तार हटाकर नई केबिल लाइन डाली जाए, ताकि:

  • बिजली चोरी पर रोक लग सके
  • बार-बार होने वाले फाल्ट बंद हों
  • ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त लोड कम हो
  • उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज मिल सके
  • संभावित हादसों से बचाव हो सके

नगरवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द सालीचौका नगर की एल.टी. लाइन को केबिल सिस्टम में बदला जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुचारु बिजली आपूर्ति मिल सके।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!