आज निकलेगा कुर्सी अलम-मेहंदी ताजिया, शहीदाने करबला की याद में डूबा गाडरवारा नगर
गाडरवारा में 7 मोहर्रम पर आज कुर्सी अलम-मेहंदी ताजिया जुलूस निकलेगा। नगर के प्रमुख मार्गों पर लंगर, शरबत वितरण और रात में सवारियों की रन होगी। मोहर्रम पर्व पर गंगा-जमुना तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है।

गाडरवारा। शहीदाने करबला की महान कुर्बानी की याद में मनाए जा रहे मोहर्रम पर्व के तहत आज 7 मोहर्रम को नगर में कुर्सी अलम-मेहंदी ताजिया का जुलूस पूरे अकीदत, एहतराम और धार्मिक श्रद्धा के साथ निकाला जाएगा। मोहर्रम के दिनों में पूरा नगर गम-ए-हुसैन और हुसैनी जज्बे में डूबा नजर आ रहा है। विभिन्न इमामबाड़ों, दरगाहों और धार्मिक स्थलों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
शाम 4 बजे नया बस स्टैंड से निकलेगा जुलूस
जानकारी के अनुसार कुर्सी अलम-मेहंदी ताजिया का जुलूस आज शाम 4 बजे शास्त्री वार्ड स्थित नया बस स्टैंड से रवाना होगा। जुलूस चौकी चावड़ी, महावीर भवन, शक्ति चौक, श्याम टॉकीज, शुक्रवारा बाजार और झंडा चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा तथा देर रात अपने निर्धारित मुकाम पर पहुंचेगा।
जुलूस मार्ग पर अकीदतमंदों द्वारा जगह-जगह लंगर, शरबत और शीतल पेयजल वितरण की व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुलूस में शामिल होकर हजरत इमाम हुसैन और शहीदाने करबला को खिराज-ए-अकीदत पेश करेंगे।
रात में रन करेंगी नगर की सवारियां
मोहर्रम की 7 तारीख की रात नगर के विभिन्न इमामबाड़ों से सवारियां बाबाओं की आमद के साथ रन करने निकलेंगी। ढोल-ताशों की गूंज और “या हुसैन” की सदाओं के बीच सवारियां शहर के मुख्य मार्गों पर गश्त करेंगी। इस दौरान धार्मिक उत्साह और अनुशासन का विशेष माहौल देखने को मिलेगा।
इमामबाड़ों और परचम स्थलों पर आकर्षक सजावट
मोहर्रम के अवसर पर नगर में रोजाना हुसैनी लंगर का आयोजन किया जा रहा है। इमामबाड़ों, दरगाहों और परचम स्थलों को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। देर रात तक लाउडस्पीकरों पर शहीदी कलाम और नातिया कलाम गूंज रहे हैं, जिससे पूरा वातावरण धार्मिक रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है।
शक्ति चौक पर हसनी हुसैनी सोसायटी द्वारा लगाए गए परचम स्थल को विशेष रूप से रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से सजाया गया है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं तथा आज विशेष मजमे का आयोजन किया जाएगा।
गंगा-जमुना तहजीब की मिसाल बना मोहर्रम
गाडरवारा में मोहर्रम पर्व के दौरान गंगा-जमुना तहजीब और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिल रही है। सभी वर्गों और समुदायों के लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में मोहर्रम पर्व में सहभागिता निभा रहे हैं। नगर में शांति, सद्भाव और इंसानियत का संदेश देने वाले इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह बना हुआ है।







