धर्ममध्य प्रदेश

कामती में श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ

सैकड़ों महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, 28 सितंबर तक चलेगी श्रीमद्भागवत कथा

गाडरवारा। समीपस्थ ग्राम कामती मार्ग स्थित नमामि पैलेस में साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में हुआ। आयोजन के शुभारंभ अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। धार्मिक जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के पश्चात विधि-विधान के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

यह धार्मिक आयोजन 28 सितंबर तक प्रतिदिन जारी रहेगा। कथा का आयोजन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक किया जा रहा है।

वृंदावन से पधारीं कथाव्यास प्रभा भारती

श्रीधाम वृंदावन से पधारीं परम पूज्य कथाव्यास सुश्री प्रभा भारती जी अपनी मधुर वाणी में श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का रसपान करा रही हैं। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में धर्मप्रेमीजन एवं श्रद्धालु कथा स्थल पहुंच रहे हैं।

कथाव्यास ने श्रीमद्भागवत महापुराण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक परिवर्तन का माध्यम बनता है। श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक कथा नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप और उनकी भक्ति का बोध कराने वाला पवित्र ग्रंथ है।

अहंकार, लोभ और मोह का त्याग कर भक्ति से जुड़ने का संदेश

कथा के दौरान सुश्री प्रभा भारती जी ने कहा कि कलियुग में श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठाकर प्रभु भक्ति की ओर ले जाने का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अहंकार, लोभ और मोह का त्याग कर भगवान की भक्ति में लीन होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि जहां श्रद्धा और भक्ति के साथ भागवत कथा का आयोजन होता है, वहां सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण निर्मित होता है और श्रद्धालुओं को आत्मिक शांति की अनुभूति होती है।

कृष्ण लीलाओं के वर्णन से भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कृष्ण की बाल लीलाओं एवं भक्ति प्रसंगों का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आ रहे हैं। आयोजन स्थल पर लगातार भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना हुआ है।

इस पावन आयोजन के कथा यजमान अभिषेक पटैल, कामती हैं। आयोजन समिति के प्रमुख ब्रजमोहन सिंह पटैल ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में कथा स्थल पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने एवं पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!