मध्य प्रदेशशिक्षा/नौकरी

रोजगार प्राप्त विद्यार्थियों का सारा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में हुआ सम्मान, चयनित युवाओं को स्मृति चिन्ह व प्रमाण-पत्र प्रदान

गाडरवारा में सारा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट द्वारा रोजगार प्राप्त विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। चयनित युवाओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

गाडरवारा। मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत पंजीकृत संस्था सोसायटी फॉर अवेयरनेस एंड रूरल एडवांसमेंट (SARA) द्वारा संचालित सारा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के ऑथराइज्ड टैली इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न कंपनियों में रोजगार हासिल करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कंपनियों में चयनित विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सारा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के ऑथराइज्ड टैली इंस्टीट्यूट में उन्हें आधुनिक तकनीकी संसाधनों और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इसी प्रशिक्षण के कारण उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिले और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर प्राप्त हुआ।

विद्यार्थियों ने कहा कि छोटे शहर गाडरवारा में ही उच्च स्तरीय व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध होना युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे उन्हें महानगरों का रुख किए बिना रोजगारोन्मुखी शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के डायरेक्टर कमल साहू ने कहा कि संस्था पिछले 26 वर्षों से क्षेत्र के युवाओं को रोजगारपरक एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का लक्ष्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही संस्था की सबसे बड़ी उपलब्धि और प्रेरणा है।

समारोह के दौरान चयनित प्रशिक्षणार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सौरभ पाल, आलिया कुरैशी, रविन्द्र पवार, आशुतोष गुर्जर, राजीव पलिया और केशर कहार सहित अन्य चयनित प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के प्रशिक्षकों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

अंत में संस्था प्रबंधन ने सभी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्था, नगर और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!