गाडरवारा सिविल अस्पताल में रोगी कल्याण समिति की बैठक, मंत्री उदय प्रताप सिंह ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लिए अहम फैसले
24 घंटे बिजली, तीन कंप्यूटरीकृत पंजीयन काउंटर, नए रैंप, स्टाफ भर्ती और मॉर्चुरी बॉक्स की मिली स्वीकृति

गाडरवारा। प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को शासकीय सिविल अस्पताल गाडरवारा में रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गाडरवारा, साईंखेड़ा, सालीचौका और चीचली क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने अस्पतालों के विकास में जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए समाजसेवियों, उद्योगपतियों और दानदाताओं से अस्पतालों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सहयोग करने की अपील की।
अस्पताल में आधुनिक सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
बैठक में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई निर्णय लिए गए। अस्पताल में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने की स्वीकृति दी गई, जिससे आपातकालीन सेवाओं और उपचार कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इसके साथ ही मरीजों की लंबी कतारों को कम करने के लिए ओपीडी पंजीयन हेतु तीन कंप्यूटरीकृत काउंटर स्थापित किए जाएंगे। नए अस्पताल भवन में दिव्यांग एवं बुजुर्ग मरीजों की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास करने का निर्णय भी लिया गया।
आउटसोर्स से होगी स्टाफ की नियुक्ति
बैठक में अस्पताल में रिक्त पड़े पदों के कारण प्रभावित हो रही स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चर्चा की गई। आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति को स्वीकृति प्रदान की गई, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
मॉर्चुरी बॉक्स और मुख्य मार्ग निर्माण को मंजूरी
रोगी कल्याण समिति ने अस्पताल में दो नए मॉर्चुरी बॉक्स उपलब्ध कराने तथा अस्पताल के मुख्य प्रवेश मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी दी। इससे अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और मरीजों एवं परिजनों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
अस्पताल परिसर में शांति बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग
बैठक में अस्पताल परिसर के आसपास बढ़ते शोर-शराबे और यातायात की समस्या पर भी चर्चा हुई। समिति ने कोचर कॉलोनी मार्ग पर बैरिकेडिंग लगाने, अस्पताल के आसपास भारी वाहनों एवं डीजे वाहनों के आवागमन पर नियंत्रण तथा अस्पताल क्षेत्र से जुलूसों के आवागमन को प्रतिबंधित करने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए, ताकि मरीजों को शांत एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, मिनेन्द्र डागा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश, रोगी कल्याण समिति की सदस्य बसंती पालीवाल, शैलेंद्र जैन, अरुण बड़कुर, चंद्रकांत शर्मा, राव संदीप सिंह, एसडीएम मणिन्द्र सिंह, एसडीओपी ललित डागुर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. उपेंद्र वस्त्रकर, सभी बीएमओ तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।







