छठ पूजा और महिलाओं पर कथित टिप्पणी से आक्रोश, विहिप-बजरंग दल ने थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
गाडरवारा में छठ पूजा और महिलाओं पर कथित टिप्पणी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने थाना प्रभारी अशोक चौहान को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

गाडरवारा। छठ पूजा एवं महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाना गाडरवारा पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के कॉमेडियन एस. माहेश्वरी द्वारा की गई कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए थाना प्रभारी अशोक चौहान को ज्ञापन सौंपा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विगत दिवस बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता पुलिस थाना परिसर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था और महिलाओं के सम्मान से जुड़े विषयों पर इस प्रकार की टिप्पणियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
छठ पूजा करोड़ों लोगों की आस्था का प्रतीक
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि छठ पूजा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे पवित्र पर्व और महिलाओं को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी धर्म, धार्मिक परंपरा या महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं है।
जांच कर कार्रवाई की मांग
कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणियों से सामाजिक आक्रोश बढ़ता है और आपसी सौहार्द प्रभावित होने की आशंका रहती है।
इस दौरान थाना प्रभारी अशोक चौहान ने कार्यकर्ताओं से ज्ञापन प्राप्त किया और आश्वासन दिया कि इसे वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







