खेत में करंट का जाल बिछाकर ली थी युवक की जान, आरोपी को 7 साल का सश्रम कारावास
जंगली सुअरों से फसल बचाने के लिए खेत में बिछाया था खुला बिजली का तार, करंट लगने से हुई थी युवक की मौत; शव दूसरे खेत में छिपाया था

गाडरवारा। खेत में जंगली सुअरों से फसल की सुरक्षा के लिए खुले बिजली के तार में करंट प्रवाहित करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। इस लापरवाही के चलते एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई थी। मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपी सरमन सिंह खंगार को दोषी ठहराते हुए 7 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 5 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
खेत में बिछाया था मौत का जाल
अभियोजन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला थाना तेंदूखेड़ा क्षेत्र का है। फरियादी पूरन लाल धानक ने पुलिस को सूचना दी थी कि 29 जुलाई 2025 को वह रम्पुरा तिराहे के पास स्थित अमलतास वेयरहाउस में पल्लेदारी करने गया था। इसी दौरान उसे गन्ने के खेत में एक व्यक्ति के पैर दिखाई दिए। अगले दिन 30 जुलाई को उसने पुलिस को घटनास्थल दिखाया, लेकिन वहां शव नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर वेयरहाउस से लगभग 300 मीटर दूर सोयाबीन के खेत में बहते पानी में एक व्यक्ति का शव मिला।
मृतक के भाई ने शव की पहचान अपने भाई परषोत्तम पटेल के रूप में की।
करंट लगने से हुई थी मौत, शव दूसरे खेत में पहुंचाया
मर्ग जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सरमन सिंह खंगार ने अमलतास वेयरहाउस के पीछे स्थित अपने बटिया वाले खेत में गन्ने की फसल को जंगली सुअरों से बचाने के लिए बांस की खूंटियों के सहारे खुला बिजली का तार बिछा रखा था। आरोपी ने तार में बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था, जबकि उसे इस बात का अंदाजा था कि इससे किसी व्यक्ति की जान भी जा सकती है।
जांच के मुताबिक, 28 और 29 जुलाई 2025 की दरमियानी रात मृतक परषोत्तम पटेल शराब के नशे में गन्ने के खेत में चला गया, जहां करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। आरोप था कि घटना के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को पास के सोयाबीन के खेत में ले जाकर रख दिया।
न्यायालय ने सुनाई 7 साल की सजा
मर्ग जांच में आरोपी की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना की। जांच पूरी होने पर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में प्रस्तुत साक्ष्यों और अपर लोक अभियोजक के तर्कों से सहमत होते हुए प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश ने आरोपी सरमन सिंह खंगार को दोषी करार दिया।
न्यायालय ने आरोपी को 7 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 5 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने पैरवी की।
यह फैसला खेतों में अवैध रूप से बिजली का करंट प्रवाहित करने जैसी जानलेवा लापरवाही के गंभीर परिणामों को रेखांकित करता है।







