रेलवे अंडरब्रिज की डिजाइन पर किसानों का विरोध, 5.5 मीटर ऊंचाई और 6 मीटर चौड़ाई की मांग
सालीचौका-बनखेड़ी रेलवे गेट क्रमांक 249 C/2E पर निर्माणाधीन अंडरब्रिज को लेकर उठे सवाल, 15 से 20 गांवों के किसानों की आवाजाही होगी प्रभावित; सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका/नरसिंहपुर। अवधेश चौकसे। जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत सालीचौका-बनखेड़ी के बीच रेलवे गेट क्रमांक 249 C/2E पर निर्माणाधीन रेलवे अंडरब्रिज की प्रस्तावित ऊंचाई और चौड़ाई को लेकर क्षेत्र के किसानों एवं ग्रामीणों में नाराजगी सामने आई है। अंडरब्रिज का आकार छोटा होने से कृषि कार्यों, फसल परिवहन और आमजन की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी जिला समिति नरसिंहपुर ने 16 नवंबर को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर अंडरब्रिज का निर्माण 5.5 मीटर ऊंचाई एवं 6 मीटर चौड़ाई में कराने की मांग की है।
हार्वेस्टर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूल बसों की आवाजाही का सवाल
ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे गेट क्रमांक 249 C/2E क्षेत्र के करीब 15 से 20 गांवों के किसानों और नागरिकों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। रेलवे लाइन के दोनों ओर बड़ी मात्रा में कृषि भूमि स्थित है। किसानों को गेहूं, गन्ना सहित अन्य फसलों का परिवहन करने के लिए इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है। इसके अलावा ट्रैक्टर-ट्रॉली, हार्वेस्टर और स्कूली बसों की आवाजाही भी इसी रास्ते से होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि अंडरब्रिज का निर्माण कम ऊंचाई और चौड़ाई में किया गया तो बड़े कृषि वाहन यहां से नहीं निकल सकेंगे। ऐसी स्थिति में किसानों को रेलवे लाइन के दूसरी ओर स्थित अपने खेतों तक पहुंचने के लिए 20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ सकता है।
सहावन में 3600 आबादी, 290 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 7 हार्वेस्टर
सहावन ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि गांव की आबादी लगभग 3600 है, जिसमें करीब 75 प्रतिशत लोग कृषि कार्य से जुड़े हैं। गांव में लगभग 290 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 7 हार्वेस्टर हैं। किसानों के व्यावसायिक कार्यों, अनाज विक्रय और फसलों के परिवहन के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग किया जाता है। वहीं बच्चों की स्कूल बसों के लिए भी यही प्रमुख मार्ग है।
ग्रामीणों के अनुसार सहावन, खिरिया, अर्जुनगांव, मारेगांव, बैरागढ़ केसला, पनागर, छेनाकछार, कैंकरा, लवासर, नया खेड़ा, टूडनी, भिम्मखेड़ी, ग्वारी, घाटकामती और जामगांव सहित आसपास के गांवों के लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं।
हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि पर पड़ सकता है असर
निर्माणाधीन अंडरब्रिज के कारण आसपास के कई गांवों की कृषि भूमि प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार संबंधित क्षेत्र की कृषि भूमि का विवरण इस प्रकार है।
- सहावन मौजा – 700 हेक्टेयर
- पनागर मौजा – 1200 हेक्टेयर
- केसला मौजा – 300 हेक्टेयर
- बाबईखुर्द मौजा – 300 हेक्टेयर
- सांवरी मौजा – 292 हेक्टेयर
- मारेगांव मौजा – 700 हेक्टेयर
- छेनाकछार मौजा – 637 हेक्टेयर
इस प्रकार ग्रामीणों के अनुसार कुल लगभग 4129 हेक्टेयर कृषि भूमि के किसानों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
अर्जुनगांव के 90 प्रतिशत लोग कृषि पर निर्भर
अर्जुनगांव के ग्रामीणों ने भी अंडरब्रिज की प्रस्तावित डिजाइन पर आपत्ति जताई है। उनके अनुसार गांव की आबादी लगभग 1500 है, जिसमें करीब 90 प्रतिशत लोग कृषि कार्य से जुड़े हैं। गांव में लगभग 32 ट्रैक्टर-ट्रॉली हैं और कुल कृषि भूमि करीब 490 हेक्टेयर है।
ग्रामीणों का कहना है कि अर्जुनगांव के अलावा आसपास के 15 से 20 गांवों के किसान भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। यदि अंडरब्रिज का निर्माण वर्तमान प्रस्तावित आकार में होता है तो किसानों को समय पर कृषि कार्य करने, फसल परिवहन करने और खेतों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
निर्माण पूरा होने से पहले डिजाइन की समीक्षा की मांग
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि अंडरब्रिज निर्माण से पहले प्रभावित किसानों और क्षेत्रवासियों से पर्याप्त सुझाव एवं आपत्तियां नहीं ली गईं। पार्टी का कहना है कि निर्माण कार्य अभी जारी है, इसलिए वर्तमान समय में ही तकनीकी परीक्षण और डिजाइन की समीक्षा की जानी चाहिए।
निर्माण पूरा होने के बाद यदि ऊंचाई और चौड़ाई की समस्या सामने आती है तो उसमें सुधार करना न केवल कठिन होगा, बल्कि काफी खर्चीला भी साबित हो सकता है। इसलिए प्रशासन एवं रेलवे विभाग को भविष्य की जरूरतों और किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्माण कराना चाहिए।
मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि रेलवे अंडरब्रिज की ऊंचाई 5.5 मीटर और चौड़ाई 6 मीटर निर्धारित कर निर्माण कराया जाए, ताकि ट्रैक्टर-ट्रॉली, हार्वेस्टर, स्कूल बसों सहित अन्य बड़े वाहनों का आवागमन सुचारु बना रहे।
इस मुद्दे पर नगर परिषद सालीचौका, सहावन, अर्जुनगांव सहित अन्य ग्राम पंचायतों ने भी आपत्ति जताई है। ज्ञापन मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव जगदीश पटेल द्वारा सौंपा गया। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रभावित किसानों और ग्रामीणों की समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो जनता एवं किसानों के सहयोग से आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।







