मक्के के खेत में छिपाकर उगा रखा था गांजा, 1270 पौधे जब्त, पिता पुत्र गिरफ्तार
शाहपुर पुलिस की कार्रवाई में 54.20 किलो गांजा बरामद, पिता-पुत्र गिरफ्तार, सेमरपुरा में मक्के की फसल के बीच 2 से 8 फीट ऊंचे मिले गांजे के पौधे, कीमत करीब 2.16 लाख रुपये

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता
शाहपुर। मादक पदार्थों की अवैध खेती और कारोबार के खिलाफ शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सेमरपुरा में मक्के के खेत के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के 1270 हरे पौधे जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त पौधों का कुल वजन 54.20 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 16 हजार 800 रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश, मक्के के बीच मिले पौधे
पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरपुरा निवासी नकुल जावलकर के घर के पीछे स्थित खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद उप निरीक्षक नीरज खरे के नेतृत्व में पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और खेत की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान मक्के की फसल के बीच छोटे-बड़े आकार के गांजे के हरे पौधे दिखाई दिए। पुलिस ने मौके से कुल 1270 पौधे जब्त किए। इनकी लंबाई करीब 2 से 8 फीट तक बताई गई है। पुलिस के मुताबिक कार्रवाई की पूरी वीडियोग्राफी कराई गई तथा जब्त पौधों को गवाहों के समक्ष नियमानुसार सीलबंद किया गया।
पिता-पुत्र गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने केशव पिता गांगाराम जावलकर, उम्र 72 वर्ष तथा नकुल पिता केशव जावलकर, उम्र 33 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सेमरपुरा को गिरफ्तार किया है। दोनों के विरुद्ध थाना शाहपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 एवं 20(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम की कार्रवाई
कार्रवाई एसडीओपी शाहपुर सैफा हासिमी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक नीरज खरे, सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह तिलवरिया, प्रधान आरक्षक संतोष सरेयाम, आरक्षक धीरज काले, सलमान शाह और जयकिशन विश्वकर्मा शामिल रहे।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, खेती या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, थाना प्रभारी अथवा डायल-112 को सूचना दें।







