युवा संगम रोजगार मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर
10 से अधिक कंपनियों ने की चयन प्रक्रिया, डायमंड पब्लिक स्कूल में ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता के विजेता हुए सम्मानित

गाडरवारा। मध्यप्रदेश शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित ‘युवा संगम’ वृहद रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में नगरपालिका उपाध्यक्ष वैशाली रीतेश राय अतिथि के रूप में शामिल हुये। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 10 से अधिक कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं एवं रोजगार के इच्छुक अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया संपन्न की।
रोजगार मेले में कक्षा 5वीं से स्नातकोत्तर, आईटीआई एवं विभिन्न कौशल प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों द्वारा चयन प्रक्रिया की गई। मेले में बड़ी संख्या में आवेदकों की उपस्थिति रही। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार और कौशल विकास के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह
इसके बाद नगरपालिका उपाध्यक्ष वैशाली रीतेश राय डायमंड पब्लिक स्कूल में आयोजित पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में शामिल हुईं। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए तथा सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी शिक्षा के साथ विभिन्न रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारी एवं गणमान्यजन रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं कार्यक्रम की अतिथि श्रीमती ऋचा स्थापक डॉ. योगेश कौरव सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, सहयोगी, विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि एवं रोजगार मेले में शामिल आवेदक उपस्थित रहे।

‘युवा संगम’ रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप से जोड़ने तथा विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित दोनों कार्यक्रमों में उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।







