गाडरवारा में कांग्रेस के ‘सोशल मीडिया प्रतिभा एक खोज’ अभियान के तहत हुए इंटरव्यू, युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर
गाडरवारा के होटल हीरा पार्क में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 'सोशल मीडिया प्रतिभा एक खोज' अभियान के तहत इंटरव्यू आयोजित हुए। चयनित युवाओं को कांग्रेस संगठन में जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

गाडरवारा, 30 जून 2026। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ‘सोशल मीडिया प्रतिभा एक खोज’ अभियान के अंतर्गत मंगलवार को गाडरवारा स्थित होटल हीरा पार्क में सोशल मीडिया प्रतिभाओं के चयन हेतु साक्षात्कार (इंटरव्यू) आयोजित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर संगठन के सोशल मीडिया अभियान से जुड़ने में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल, प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी गोलू सोनी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र पटेल, जिनेश जैन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गाडरवारा सतीश सैनी, सांईखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष लखन पटेल, चांवरपाठा ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल, आईटी सेल जिला अध्यक्ष नर्मदापुरम दुर्गेश बेलवंशी, आईटी सेल जिला अध्यक्ष सत्यव्रत कौरव तथा महिला उत्पीड़न निवारण प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष प्रियंका दीक्षित सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सुनीता पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ऐसे ऊर्जावान, रचनात्मक और प्रतिभाशाली युवाओं को संगठन से जोड़ना चाहती है, जो पार्टी की विचारधारा के साथ समाज और क्षेत्र की समस्याओं को सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकें।
प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी गोलू सोनी ने बताया कि साक्षात्कार में प्रतिभागियों का मूल्यांकन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागियों का विवरण ऑनलाइन माध्यम से दिल्ली भेजा जाएगा, जहां प्रदर्शन और निर्धारित मार्किंग के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य तकनीकी रूप से दक्ष, सक्रिय और प्रभावी सोशल मीडिया टीम तैयार करना है, ताकि पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को डिजिटल माध्यम से अधिक मजबूती के साथ लोगों तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने युवाओं से संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान भी किया।







