झाबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.1 किलो अवैध गांजा जब्त, 15 आपराधिक मामलों वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार
झाबुआ पुलिस ने ग्राम बावड़ीमाफी में कार्रवाई करते हुए 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया। 15 आपराधिक मामलों वाले आरोपी अमरसिंह उर्फ अमरा डामोर को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत झाबुआ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 33 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के व्यापार एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं एसडीओपी झाबुआ कमलेश शर्मा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली झाबुआ निरीक्षक आर.सी. भास्करे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बावड़ीमाफी निवासी अमरसिंह उर्फ अमरा पिता बदिया डामोर अपने घर में अवैध गांजा रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 15 आपराधिक मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमरसिंह उर्फ अमरा डामोर के विरुद्ध पहले से 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें अवैध शराब एवं गांजा विक्रय, मारपीट, प्राणघातक हमला, अपहरण तथा बलात्कार जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक के.के. तिवारी, उप निरीक्षक ज्ञानबहादुर सिंह, आरक्षक भलसिंह, आरक्षक भुरसिंह, आरक्षक अजय, महिला प्रधान आरक्षक लक्ष्मी तथा महिला आरक्षक रेखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशे के कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
झाबुआ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों के अवैध व्यापार एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







