नरसिंहपुर में अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
नरसिंहपुर पुलिस ने अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत की चार चोरी की बाइक बरामद हुई हैं।

संवाददाता पूजा मालवीय
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर पुलिस ने अंतरजिला स्तर पर सक्रिय एक शातिर मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने नरसिंहपुर के अलावा जबलपुर और भोपाल सहित अन्य क्षेत्रों से भी वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
जिला अस्पताल के सामने से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस के अनुसार ग्राम हथनापुर निवासी वीरेन्द्र शाह ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 को जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर के सामने खड़ी उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-49-MN-6606) अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 481/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
इसी दौरान सूचना मिली कि इतवारा बाजार, नरसिंहपुर में तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में कबूला कई जिलों से बाइक चोरी का राज
गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम अतुल दांगी, प्रिंस चौधरी और चिराग कुमार चौधरी बताए। पूछताछ के दौरान वे मोटरसाइकिलों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर के सामने से चोरी की गई बाइक के अलावा जबलपुर, भोपाल और नरसिंहपुर जिले के भैसापाला क्षेत्र से कुल चार मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
चार चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चारों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे, उपनिरीक्षक आशीष बोपचे, आरक्षक प्रहलाद माघवे, राजेश बागरी, रोहित चम्पुरिया, महेन्द्र सिंह तथा नगर रक्षा समिति के कार्यकर्ता शिवम मालवीय की सराहनीय भूमिका रही।







