गाडरवारा: दुर्गा उत्सव की व्यवस्थाओं पर ‘माई की महापंचायत’ का शंखनाद, प्रशासन के सामने रखे जाएंगे तीखे सवाल
5 अक्टूबर को शक्तिधाम में जुटेंगे दुर्गा उत्सव समितियों के अध्यक्ष-प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर रखेंगे समस्याएं

गाडरवारा। शहर में दुर्गा उत्सव के दौरान समितियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर ‘माई की महापंचायत’ द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसे लेकर गत दिवस मां जगत जननी की अध्यक्षता में माई की महापंचायत की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में समितियों ने प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, विद्युत लाइनों को ऊंचा करने तथा डीजे सहित अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। चर्चा के दौरान शहर की तीन दुर्गा उत्सव समितियों ने बिना डीजे के प्रतिमा विसर्जन करने का निर्णय लिया।
स्वच्छता और पर्यावरण को लेकर समितियों से अपील
माई की महापंचायत ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों से पंडालों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया है। विशेष रूप से भंडारा एवं प्रसादी वितरण के बाद दोने-पत्तल आदि की सफाई समितियों द्वारा स्वयं करने की बात कही गई।
इसके अलावा प्लास्टिक के दोने एवं प्लेट की जगह कागज तथा पर्यावरण हितैषी हरित दोना-प्लेट का उपयोग करने की अपील की गई है। महापंचायत ने यह भी आग्रह किया कि प्रतिमा विसर्जन का कार्य रात्रि 12 बजे के बाद न किया जाए, हालांकि बड़ी माता एवं महाकाली मठ की प्रतिमाओं को इससे अलग रखा गया है।
अधिकारियों से मिलकर रखेंगे प्रमुख समस्याएं
सार्वजनिक एवं विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों की व्यवस्थाओं और समस्याओं को लेकर माई की महापंचायत द्वारा संबंधित अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसके लिए सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 से 11 बजे तक शक्तिधाम दरबार, पलोटनगंज, गाडरवारा में एकत्रीकरण रखा गया है।
इसके बाद अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी/थाना प्रभारी, विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता तथा नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं एवं मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
माई की महापंचायत ने शहर की सभी दुर्गा उत्सव समितियों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आग्रह किया है।







