क्राइममध्य प्रदेश

पत्नी की हत्या कर खाट पर छोड़ गया पति, पुलिस ने 72 घंटे में दबोचा आरोपी

सेमलपाड़ा में वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा, बांस के डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी

झाबुआ | 11 मई 2026

झाबुआ जिले के थांदला थाना क्षेत्र में हुई वृद्ध महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर बांस के डंडे से बेरहमी से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

आंगन में खाट पर मिला था महिला का शव

थांदला पुलिस को 8 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम सेमलपाड़ा में 65 वर्षीय खीमाबाई पति दौला मईड़ा का शव घर के आंगन में खाट पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने एसडीओपी थांदला और थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

डॉक्टरों के पैनल द्वारा दी गई शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मारपीट के कारण महिला को गहरा सदमा लगा, जिससे उसकी मौत हो गई।

पति-पत्नी के विवाद में हुई हत्या

जांच के दौरान परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से खुलासा हुआ कि 7 मई की शाम करीब 5 बजे से 7 बजे के बीच पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

इसी दौरान आरोपी पति दौला पिता सड़िया मईड़ा निवासी सेमलपाड़ा ने बांस के डंडे से पत्नी के मुंह, कंधों, कलाइयों और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमला इतना गंभीर था कि वृद्ध महिला की मौत हो गई।

घेराबंदी कर गिरफ्तार किया आरोपी

थाना प्रभारी अशोक कनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। साक्ष्यों की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरे मामले के खुलासे में थाना प्रभारी अशोक कनेश, उपनिरीक्षक राजाराम भगोरे, सहायक उपनिरीक्षक शैलेंद्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजेंद्र रावत, आरक्षक अनिल परमार, राहुल जमरा, जितेश और अखिलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!