गाडरवारा: पतंजलि महिला योग समिति ने मनाया जड़ी-बूटी दिवस, औषधीय पौधों का किया वितरण
आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस पर महिलाओं ने जाना आयुर्वेद का महत्व, औषधीय पौधों का किया वितरण

गाडरवारा। पतंजलि महिला योग समिति, गाडरवारा द्वारा आयुर्वेद शिरोमणि आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस को जड़ी-बूटी दिवस के रूप में श्रद्धा, उत्साह और जनजागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन शांति नगर कॉलोनी में श्रीमती शिखा नीखरा के गृह प्रांगण में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को आयुर्वेद और औषधीय पौधों के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि तुलसी, नीम, बेल, एलोवेरा और मीठी नीम (कढ़ी पत्ता) जैसे पौधे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इन पौधों के नियमित उपयोग से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा अनेक बीमारियों से बचाव में भी मदद मिलती है। साथ ही इनका पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने अपने घरों, कॉलोनियों, मंदिर परिसरों एवं सार्वजनिक उद्यानों में अधिक से अधिक औषधीय पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एलोवेरा, तुलसी, बेल, मीठी नीम और नीम सहित विभिन्न औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिखा नीखरा, किरण साहू, मंजू गुप्ता, शशि शर्मा, सावित्री श्रीवास्तव, रानी हरदेनिया, संजू शर्मा, शालिनी त्रिपाठी, अंजना साहू, मीता कठल एवं शैल शर्मा का विशेष योगदान रहा। कॉलोनी की बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय उपस्थिति कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रही।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद अपनाने, औषधीय पौधों के महत्व को समझने और हर घर में औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण का निर्माण किया जा सके।







