क्राइममध्य प्रदेश

ऑपरेशन ईगल क्लॉ : साईंखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ₹85 हजार की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

नशे के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस का लगातार अभियान जारी, संदिग्ध को घेराबंदी कर दबोचा

गाडरवारा/नरसिंहपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर लगाम कसने के लिए नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत साईंखेड़ा पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को करीब 8.5 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई जा रही है।

नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में थाना साईंखेड़ा पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।

जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे साईंखेड़ा पुलिस टीम नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी करते हुए गाडरवारा मार्ग स्थित सेठान तिराहा के पास पहुंची। इसी दौरान यात्री प्रतीक्षालय के नजदीक एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही वह घबराकर भागने लगा।

पुलिस को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुनील उर्फ पप्पू मेहरा, पिता महादेव मेहरा, उम्र 47 वर्ष निवासी ग्राम बनबारी थाना साईंखेड़ा बताया।

जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से करीब 8.5 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। मौके पर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्मैक को जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना साईंखेड़ा में अपराध क्रमांक 117/26 दर्ज करते हुए धारा 8, 21(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

लगातार सख्त हो रही पुलिस कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब नशा तस्करों की सप्लाई चेन और नेटवर्क की भी जांच कर रही है, ताकि इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संधीर चौधरी के नेतृत्व में उप निरीक्षक वर्षा धाकड़, प्रधान आरक्षक भास्कर पटेल, नरेन्द्र कुशवाहा, आरक्षक दिनेश पटेल, सुदीप ठाकुर, आदर्श पाठक, महिला आरक्षक हेमलता मेहरा एवं सैनिक सुरेश पुरी की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में नशा माफियाओं और अवैध कारोबारियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!