पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, कलेक्टर-एसपी ने एनटीपीसी गाडरवारा में तैयारियों का लिया जायजा

नरसिंहपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नरसिंहपुर जिले स्थित एनटीपीसी गाडरवारा में 5 या 6 जून 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार को कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, एसडीएम गाडरवारा श्रीमती कलावती व्यारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने एनटीपीसी परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और पार्किंग व्यवस्था का विस्तार से निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कानून व्यवस्था, सुरक्षा बेरीकेटिंग, यातायात प्रबंधन और वीआईपी मूवमेंट को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, सभा स्थल की तैयारी, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा सुविधा, फायर ब्रिगेड, साफ-सफाई और परिवहन व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर पूरे नरसिंहपुर जिले, विशेषकर गाडरवारा क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। एनटीपीसी गाडरवारा में होने वाला यह कार्यक्रम जिले के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी हैं।







