गाडरवारा: लायंस क्लब शांकरी ने अध्यक्ष अनीता जायसवाल के जन्मोत्सव पर रेलवे स्टेशन परिसर में लगाए 21 पौधे
आम, जामुन, पीपल, बरगद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए, संरक्षण का भी लिया संकल्प

गाडरवारा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ लायंस क्लब शांकरी ने क्लब की अध्यक्ष अनीता जायसवाल के जन्मोत्सव को सेवा और प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के 21 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के तहत रेलवे स्टेशन परिसर में आम, जामुन, चीर, बेलपत्र, बरगद और पीपल सहित छायादार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधे लगाए गए। क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि केवल पौधे लगाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी क्लब के सदस्य निभाएंगे, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे बड़े वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों को पौधारोपण जैसे सामाजिक कार्यों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। इससे समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देने में योगदान मिलता है।
इस अवसर पर लायंस क्लब शांकरी की अध्यक्ष अनीता जायसवाल, सचिव के.आर. सप्रे, रविशेखर जायसवाल, एस. तिवारी, मधुमनी चौहान, माया खजांची, आर.एस. तिवारी, ममता पांडे, सविता बड़कुर, दीपिका उपाध्याय, जगदीश अग्रवाल, मनोहर आरसे सहित क्लब के अनेक सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को रेलवे स्टेशन अधीक्षक ब्रजेश उपाध्याय का भी विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। सभी उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों से पौधारोपण अभियान में शामिल होने की अपील की।
लायंस क्लब शांकरी ने बताया कि भविष्य में भी संस्था समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करती रहेगी।







