करेली नगर पालिका में इंजीनियर काजल मैडम को भावभीनी विदाई

संवाददाता पूजा मालवीय
करेली। नगर पालिका परिषद करेली में पदस्थ इंजीनियर काजल मैडम के भोपाल स्थानांतरण होने पर नगर पालिका परिसर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती सुशीला ममार सहित नगर परिषद के पार्षदगण, एल्डरमैन श्री गणेश पटेल, नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह में वक्ताओं ने काजल मैडम के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने करेली नगर के विकास कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने कुशल नेतृत्व, कार्यकुशलता एवं सौम्य व्यवहार से उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों के बीच विशेष पहचान बनाई। उनके द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों को नगर के लिए सदैव याद रखा जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्षा श्रीमती सुशीला ममार ने काजल मैडम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भोपाल में भी वे अपनी कार्यशैली और समर्पण से नई उपलब्धियां हासिल करेंगी। वहीं एल्डरमैन श्री गणेश पटेल ने काजल मैडम को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भोपाल में भी सफलता के नए आयाम स्थापित करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने भी पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया।
अपने उद्बोधन में काजल मैडम ने करेली में मिले सहयोग एवं स्नेह के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि करेली में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में सदैव शामिल रहेगा।
विदाई समारोह भावुक माहौल के बीच संपन्न हुआ, जहां सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाओं के साथ विदा किया।







