ताबूत में लेटकर अस्पताल पहुंचे कांग्रेस नेता गज्जू तिवारी, स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर किया अनोखा प्रदर्शन
इटारसी में कांग्रेस नेता गजानन तिवारी 'गज्जू' ताबूत में लेटकर शासकीय अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ICU शुरू करने और अस्पताल की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम दिया।

इटारसी। शहर के शासकीय अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानन तिवारी “गज्जू” ने बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। गज्जू तिवारी कफन ओढ़कर ताबूत में लेटे और ठेले पर सवार होकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर जताया आक्रोश
अस्पताल पहुंचकर गज्जू तिवारी ने अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमारे को एक श्वेत पत्र सौंपा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्षों से अस्पताल में बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन मरीजों को अब भी पर्याप्त इलाज नहीं मिल पा रहा है।
गज्जू तिवारी ने कहा कि वे मंदिर के भगवान की चौखट से धरती के डॉक्टर रूपी भगवान की चौखट पर जनता की पीड़ा लेकर पहुंचे हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल में वर्षों से आईसीयू (ICU) बंद पड़ा है, जिससे गंभीर मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

9 वर्षों से चला रहे हैं आंदोलन
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए कई बार भूख हड़ताल, आमरण अनशन, जल सत्याग्रह, नंगे पैर पदयात्रा और ज्ञापन जैसे आंदोलन किए गए, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है और स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है।
एक महीने का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान गज्जू तिवारी ने प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि अस्पताल में आईसीयू शुरू नहीं किया गया और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार नहीं हुआ तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप लेगा।
अस्पताल प्रशासन का जवाब
मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. कमलेश कुमारे ने कहा कि आईसीयू की व्यवस्था लगभग तैयार है और सफाई सहित अन्य आवश्यक कार्य पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा और एक माह के भीतर मांगों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव राजकुमार केलु उपाध्याय, नेहा चावरे, अमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और मरीजों के परिजन शामिल रहे।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर हुए इस अनोखे प्रदर्शन ने पूरे शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। अब देखना होगा कि अस्पताल में आईसीयू और अन्य सुविधाओं को लेकर प्रशासन कितनी तेजी से कदम उठाता है।







