अपनी कावड़ यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
दादा गुरु जी और कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की रही गरिमामयी उपस्थिति, ककराघाट से छिड़ावघाट तक गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

गाडरवारा। श्रावण मास के पावन अवसर पर गाडरवारा क्षेत्र में धर्म, आस्था, सेवा और प्रकृति संरक्षण का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्षों से आयोजित की जा रही “अपनी कावड़ यात्रा” इस वर्ष भी श्रद्धा और जनसहभागिता की मिसाल बनी। मां नर्मदा के पावन तट ककराघाट से भगवान महादेव के पावन धाम छिड़ावघाट तक निकली भव्य कावड़ यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा की विशेषता परम पूज्य अवधूत श्री दादा गुरु जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके सानिध्य में कावड़ियों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।
मां नर्मदा का जल लेकर रवाना हुए कावड़िए
ककराघाट स्थित मां नर्मदा के पावन तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने कावड़ में मां नर्मदा का पवित्र जल भरा। इसके बाद भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ कावड़ यात्रा छिड़ावघाट के लिए रवाना हुई।
यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए। “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “जय मां नर्मदा” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। डीजे पर बज रहे शिव भजनों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे।
मंत्री प्रहलाद पटेल सहित जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कावड़ यात्रा में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष रामस्नेही पाठक, तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल सहित अनेक समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन हमारी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कावड़ यात्रा के आयोजन की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
ककराघाट से लेकर छिड़ावघाट तक यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। नगरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, शरबत और पेयजल की व्यवस्था की गई।
यात्रा में युवाओं के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
छिड़ावघाट में हुआ भगवान महादेव का जलाभिषेक
कावड़िए मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर छिड़ावघाट पहुंचे। यहां विधि-विधान के साथ भगवान महादेव का पवित्र नर्मदा जल से जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
धर्म के साथ सेवा और प्रकृति संरक्षण का संदेश
अपनी कावड़ यात्रा आयोजन समिति के राव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है। यात्रा के माध्यम से धर्म, सेवा, सामाजिक एकता और प्रकृति संरक्षण का संदेश समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मां नर्मदा और भगवान महादेव की आराधना के साथ समाज में आपसी भाईचारा, सेवा भावना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।
यात्रा के समापन अवसर पर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, क्षेत्र की खुशहाली और पर्यावरण संरक्षण की कामना की गई। यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा तथा यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए।







