गाडरवारा में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ
स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह बोले—खिलाड़ी अपनी क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें, जीत अवश्य मिलेगी; प्रदेश के 10 संभागों से 160 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

गाडरवारा। प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह के प्रयासों से 19 वर्षीय बालक आयु वर्ग की छह दिवसीय 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार शाम स्थानीय पुराना कॉलेज स्थित रुद्र मैदान में रंगारंग समारोह के साथ हुआ। 28 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 10 संभागों से 160 खिलाड़ी एवं 30 ऑफिशियल्स सहभागिता कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह का शुभारंभ वंदे मातरम् गायन, अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन-अर्चन और ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात काबरा मेमोरियल स्कूल के दल सहित प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों ने मार्च पास्ट निकाला। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मिला अवसर: उदयप्रताप सिंह
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री राव उदयप्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न संभागों की टीमें गाडरवारा में प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं, जो प्रसन्नता का विषय है। इस आयोजन में मध्यप्रदेश की विविधता में एकता का साक्षात उदाहरण देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहिए। खेल में मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने से सफलता प्राप्त होती है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनकी खेल प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
खेलों से होता है शारीरिक विकास: कैलाश सोनी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा के पूर्व सांसद कैलाश सोनी ने कहा कि इस आयोजन में प्रदेश की संस्कृति की झलक देखने को मिल रही है। सभी का उद्देश्य गाडरवारा का नाम पूरे देश में ऊंचा करना है। उन्होंने गाडरवारा को मध्यप्रदेश की विशिष्ट नगरी बताते हुए कहा कि आचार्य रजनीश की कर्मभूमि रहे इस शहर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है।
उन्होंने मोबाइल संस्कृति के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बच्चे खेलों से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे में शालेय खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को खेलों से जोड़ने और उनके शारीरिक विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
स्कूली प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से दर्शकों को बेहतर क्रिकेट मैच देखने को मिलेंगे। साथ ही स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत कर प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी दी। इस दौरान एक छात्र द्वारा खिलाड़ियों को शपथ दिलाई गई। शासकीय कन्या नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं जनजातीय छात्रावास की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को रंगारंग बना दिया। नगर पालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक दीपक अग्निहोत्री एवं मनीष शंकर तिवारी ने किया। उद्घाटन समारोह में पूर्व विधायक नरेश पाठक, अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अनीता ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष स्वाति अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ममता पांडे, रविशेखर जायसवाल, उदय ठाकुर, ठाकुर राजीव सिंह, नवीन अग्रवाल, डॉ. हरगोविंद पटैल, मुकेश मरैया, घनश्याम राजपूत, भूपेंद्र ठाकुर, चंद्रकांत शर्मा, राव संदीप सिंह, प्रियांक जैन, विक्रांत पटैल, अंजू शुक्ला, स्मृति जैन, पूजा तिवारी, कीरत सिंह पटैल, नरेश कौरव, सुरेश मामूलिया एवं दिग्विजय राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागेश, संयुक्त संचालक जबलपुर संभाग अरुण इंगले, एसडीएम प्रगति वर्मा, सहायक संचालक सीमा डोंगरे, वीरेंद्र राजपूत, बीआरसी डीके पटेल, संदीप स्थापक, प्राचार्य प्रतुल इंदुरख्या, एसके मिश्रा एवं अनुज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही गाडरवारा में क्रिकेट का उत्साह देखने को मिला। अब आगामी दिनों में प्रदेश के विभिन्न संभागों की टीमें मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का प्रदर्शन करेंगी।







