धर्ममध्य प्रदेश

गाडरवारा में गूंजा हर-हर महादेव: पूर्व विधायक संजय शर्मा के नेतृत्व में निकली भव्य कावड़ यात्रा, डमरूघाटी में हुआ जलाभिषेक

हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजा गाडरवारा, जगह-जगह हुआ कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत

गाडरवारा। श्रावण मास के पावन अवसर पर सोमवार को गाडरवारा क्षेत्र में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पूर्व विधायक संजय शर्मा के नेतृत्व में ककराघाट स्थित मां नर्मदा तट से शिवधाम डमरूघाटी तक भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मार्ग शिवमय नजर आया।

कावड़ यात्रा की शुरुआत ककराघाट स्थित मां नर्मदा के पवित्र तट पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। पूर्व विधायक संजय शर्मा ने मंत्रोच्चार के बीच मां नर्मदा का पूजन कर पवित्र जल कलशों में भरा। इसके बाद कावड़ यात्रा को रवाना किया गया।

यात्रा में शामिल शिवभक्तों ने केसरिया वस्त्र, रुद्राक्ष एवं धार्मिक प्रतीक धारण किए हुए थे। डीजे पर गूंजते शिव भजनों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। ककराघाट से जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल एवं पूर्व विधायक सुनील जायसवाल भी कावड़ यात्रा में शामिल हुए।

जगह-जगह हुआ कावड़ यात्रा का भव्य स्वागत

ककराघाट से डमरूघाटी तक कावड़ यात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं नगरवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई तथा शरबत, फलाहार एवं अन्य प्रसाद का वितरण किया गया।

चिरहकला मार्ग पर शैलेन्द्र जैन थाला वाले परिवार, सर्व ब्राह्मण सभा के महेश अधरुज, पंडित अशोक भार्गव, राजीव दुबे, चंद्रकांत शर्मा एवं उनके साथियों द्वारा कावड़ यात्रा का स्वागत किया गया। वहीं कांग्रेस नेता गौतम पटेल, केन्द्रसिंह राजपूत, चिंटू लूनावत, अनिल कौरव एवं उनके साथियों ने भी श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

तालाब श्रमदान समिति के कमल खटीक, लवलेश पालीवाल, कांग्रेस नेता जिनेश जैन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा में शामिल शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। समाजसेवी राव पवन सिंह परिवार द्वारा भी स्वागत किया गया।

पुल के समीप कांग्रेस नेता अभिनव ढिमोले, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष उमेश नीरस, संजय पटेल, पारुल शर्मा, चीचली नगर पालिका अध्यक्ष बबलू सिंघानिया, शिव कुमार नीखरा, सतीश सैनी, बसंत तपा, मुकेश गुप्ता, मुस्तान खान, दिग्विजय सिंह, अवधेश रुसिया, वीरू व्यास, सुनील दुबे, मुकेश सोनी सहित महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विशाल पुष्पमाला से पूर्व विधायक संजय शर्मा का स्वागत किया। साथ ही कावड़ लेकर चल रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया।

महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी लिया हिस्सा

कावड़ यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भी बड़ी भागीदारी रही। श्रद्धालु पूरे रास्ते “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। धार्मिक गीतों और भजनों के बीच कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने जमकर उत्साह भी दिखाया।

डमरूघाटी पहुंचकर किया जलाभिषेक

ककराघाट से पैदल यात्रा करते हुए शिवभक्त मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर शिवधाम डमरूघाटी पहुंचे। यहां विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन किया गया और मां नर्मदा के पवित्र जल से शिवलिंग का रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया गया।

श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं सर्वजन कल्याण की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

क्षेत्र की खुशहाली के लिए निकाली जाती है कावड़ यात्रा : संजय शर्मा

पूर्व विधायक संजय शर्मा ने कहा कि श्रावण मास में प्रतिवर्ष क्षेत्र की उन्नति, समृद्धि, खुशहाली एवं सर्वजन कल्याण की मंगलकामना को लेकर यह कावड़ यात्रा निकाली जाती है। मां नर्मदा और भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि सभी पर उनकी कृपा बनी रहे और क्षेत्र निरंतर प्रगति करे।

उन्होंने कहा कि कावड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देने वाला आयोजन भी है।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

कावड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए। यात्रा के दौरान पुलिस बल तैनात रहा तथा यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं।

यात्रा को सफल बनाने में शिव भक्त मंडल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि और क्षेत्र में शांति एवं खुशहाली की कामना की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!