झाबुआ पुलिस को बड़ी सफलता: शातिर नकबजन चोरी की मोटरसाइकिल सहित पुलिस संरक्षण में, कई वारदातों का खुलासा होने की संभावना

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी
झाबुआ। थाना कोतवाली झाबुआ पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को चोरी की मोटरसाइकिल सहित पुलिस संरक्षण में लिया है। पूछताछ के दौरान बालक ने हाल ही में हुई नकबजनी की वारदात कबूल कर ली है, वहीं पुलिस को उससे अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी उम्मीद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 मई 2026 को फरियादी हुकुम कुमार पिता दयाराम पंवार निवासी लक्ष्मी नगर, झाबुआ ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजवाड़ा स्थित उनके “न्यू सुपर मैक्स सैलून” में अज्ञात चोर द्वारा नकबजनी कर नगदी चोरी कर ली गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार ने घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद निरीक्षक आर.सी. भास्करे, थाना प्रभारी कोतवाली झाबुआ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
पुलिस टीम ने झाबुआ कस्बे के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं, जिसके आधार पर 14 मई 2026 को एक विधि विरुद्ध बालक को चोरी की मोटरसाइकिल सहित पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पूछताछ में बालक ने फरियादी हुकुम पंवार की सैलून दुकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गई नगदी भी बरामद कर ली है।
एक लाख की मोटरसाइकिल जप्त
पुलिस ने आरोपी बालक के कब्जे से करीब 1 लाख रुपये कीमत की चोरी की मोटरसाइकिल जप्त की है। साथ ही उससे अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के संबंध में भी पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में और भी कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक आर.सी. भास्करे, सउनि. ज्ञानबहादुर, सउनि. के.के. तिवारी एवं आरक्षक क्रमांक 493 गणेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।







