मध्य प्रदेश

Narsinghpur News: आयुषी अहिरवार ने रचा इतिहास, ‘मेरे सपनों का भारत’ में MP में प्रथम, CM मोहन यादव ने किया सम्मानित

गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा आयुषी अहिरवार ने राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान, सालीचौका लौटने पर गाजे-बाजे के साथ हुआ भव्य स्वागत

सालीचौका/नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के सालीचौका की प्रतिभावान छात्रा आयुषी अहिरवार ने अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। ‘मेरे सपनों का भारत’ राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम आने के बाद आयुषी को भोपाल में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

आयुषी गुरुकुलम इंटरनेशनल हायर सेकेंडरी स्कूल, सालीचौका की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि से सालीचौका ही नहीं, बल्कि पूरे नरसिंहपुर जिले में खुशी का माहौल है।

सालीचौका लौटते ही हुआ भव्य स्वागत

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार हासिल करने के बाद आयुषी के सालीचौका लौटने पर रेलवे स्टेशन पर परिजनों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ आयुषी का अभिनंदन किया गया।

रेलवे स्टेशन से गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल तक रास्ते में कई स्थानों पर नागरिकों और विद्यार्थियों ने पुष्पमालाएं पहनाकर आयुषी को बधाई दी। स्कूल पहुंचने पर विद्यालय परिवार ने भी उनका भव्य स्वागत किया।

आयुषी की पेंटिंग देखकर CM मोहन यादव हुए प्रभावित

आयुषी ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर बनाई अपनी पेंटिंग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और विकसित भारत की कल्पना को बेहद रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। पेंटिंग में ब्रह्मोस, अंतरिक्ष, रक्षा तकनीक और भारत के भविष्य से जुड़े विजन को चित्र के माध्यम से उकेरा गया।

भोपाल के टीटी नगर मॉडल स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयुषी की पेंटिंग की सराहना की। उन्होंने नई पीढ़ी की कल्पनाशीलता और भारत के भविष्य को लेकर उनके सपनों की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने आयुषी को सम्मानित करते हुए उसका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।

जिला स्तर पर भी रही थीं प्रथम

राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने से पहले आयुषी ने नरसिंहपुर की जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया था। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के बाद उनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था।

इसके बाद भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आयुषी ने प्रदेशभर के प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।

स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने दी बधाई

आयुषी की सफलता पर मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने भी उनकी कला प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने आयुषी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों और विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है।

नरसिंहपुर के जिला शिक्षा अधिकारी भी सम्मानित

राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नरसिंहपुर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा को भी सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर बीईओ सीमा डोंगरे, वीरेंद्र राजपूत, बीआरसी डीके पटेल, संदीप स्थापक सहित जिले के प्राचार्यों और शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

छोटे शहर की बेटी ने प्रदेश में बनाई बड़ी पहचान

आयुषी अहिरवार की सफलता ने साबित कर दिया कि छोटे शहर और ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं में भी प्रदेश स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है। मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच के बल पर आयुषी ने सालीचौका और नरसिंहपुर का नाम पूरे मध्यप्रदेश में गौरवान्वित किया है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!