क्राइममध्य प्रदेश

नरसिंहपुर में अवैध रेत कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 258 घनमीटर रेत जब्त, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और हाईवा पकड़ा गया

तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हाईवा भी पकड़े गए, प्रशासन का सख्त अभियान जारी

नरसिंहपुर। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध रेत कारोबार पर प्रभावी प्रहार किया है। इस दौरान कुल 258 घनमीटर अवैध रेत, तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हाईवा वाहन जब्त किया गया।

पिठेहरा में 81 घनमीटर रेत जब्त

संयुक्त जांच दल ने नरसिंहपुर तहसील के ग्राम पिठेहरा में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित 81 घनमीटर रेत लावारिस अवस्था में पाई। टीम ने मौके पर पहुंचकर रेत को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की।

ओवरलोड गिट्टी परिवहन करते हाईवा पर कार्रवाई

तेंदूखेड़ा क्षेत्र में जांच के दौरान एक हाईवा वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक गिट्टी का परिवहन करते हुए पाया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाहन को जब्त कर पुलिस थाना तेंदूखेड़ा की अभिरक्षा में रखा गया है।

रेहली में नदी से अवैध उत्खनन करते पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियां

अभियान के दौरान ग्राम रेहली स्थित बारूरेवा नदी में अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद वाहनों को जब्त कर कोतवाली नरसिंहपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

सांईखेड़ा क्षेत्र में भी बड़ी कार्रवाई

सांईखेड़ा तहसील के ग्राम चामचौन में शासकीय भूमि पर अवैध रूप से भंडारित 141 घनमीटर रेत जब्त की गई। यह रेत आंगनवाड़ी केंद्र के पीछे दो बड़े ढेरों के रूप में रखी गई थी। प्रशासन ने मौके पर रेत को जब्त कर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया।

इसके अलावा ग्राम खापा में निजी भूमि पर अवैध रूप से भंडारित 36 घनमीटर रेत भी जब्त की गई। संबंधित रेत को भूमि स्वामी एवं ग्राम कोटवार की निगरानी में रखा गया है।

अवैध कारोबारियों पर लगातार रहेगी नजर

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीमें विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!