नरसिंहपुर: आश्रम में घुसकर तोड़फोड़ और जानलेवा हमले का आरोप, संत ने पुलिस अधीक्षक से की जिला बदर की मांग
नरसिंहपुर जिले के धरमपुरी स्थित आश्रम में तोड़फोड़, जानलेवा हमले और चोरी के आरोपों को लेकर संत मदन दास त्यागी ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और जिला बदर की मांग की है।

नरसिंहपुर। जिले के सुआतला थाना क्षेत्र अंतर्गत बरमान चौकी के ग्राम धरमपुरी स्थित एक आश्रम में कथित रूप से अनाधिकृत प्रवेश, तोड़फोड़, जानलेवा हमला और चोरी की घटना का मामला सामने आया है। पीड़ित संत मदन दास त्यागी ने पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर को आवेदन सौंपकर आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई एवं जिला बदर की मांग की है।
आश्रम में घुसकर की तोड़फोड़ का आरोप
आवेदन के अनुसार ग्राम धरमपुरी निवासी एवं आश्रम संचालक मदन दास त्यागी ने आरोप लगाया है कि 23 जून 2026 की सुबह लगभग 6 बजे ग्राम निवासी राजा नौरिया अपने कुछ साथियों के साथ आश्रम परिसर में घुस आया। आरोप है कि आरोपी नशे की हालत में था और उसके पास घन, छेनी, हथौड़ा तथा भाला जैसे हथियार थे।
पीड़ित के अनुसार आरोपी ने आश्रम में रखे फ्रीज, चूल्हा, हारमोनियम, ढोलक, गैस सिलेंडर, कमंडल, किचन का सामान एवं मंदिर परिसर की टाइल्स सहित अन्य सामग्री में तोड़फोड़ की, जिससे लगभग 1.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ।
परिक्रमा वासियों पर हमले का आरोप
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान आश्रम में मौजूद दो परिक्रमा वासियों पर भाले से हमला किया गया, जिससे वे अपनी जान बचाकर मौके से भाग गए।
संत मदन दास त्यागी का आरोप है कि आरोपी ने उनके गले में पट्टा डालकर घसीटा और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनके थैले में रखे 22 हजार रुपये चोरी होने का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों के हस्तक्षेप से बची जान
पीड़ित के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण एवं सरपंच प्रतिनिधि अंकुर गोयल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हो सकी। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और थाना सुआतला में शिकायत दर्ज कराई गई।
शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का भी आरोप
आवेदन में आरोपी पर शासकीय स्कूल के समीप सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने का आरोप भी लगाया गया है। संत ने आरोप लगाया कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही है और शैक्षणिक वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
जिला बदर की मांग
पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में संत मदन दास त्यागी ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने, मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला बदर की कार्रवाई शुरू करने तथा कथित अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
पुलिस जांच के बाद होगी कार्रवाई
फिलहाल मामला पुलिस जांच के अधीन है। आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







