हजरत बरिया वाले बाबा का उर्स 25 मई को, कौड़िया रोड स्थित दरगाह पर होगा भव्य आयोजन, रात में सजेगी महफिल-ए-शमा कव्वाली

गाडरवारा। सर्वधर्म सद्भावना और धार्मिक आस्था के प्रतीक हजरत बरिया वाले बाबा का दरबार एक बार फिर अकीदतमंदों की रौनक से जगमगाने जा रहा है। कौड़िया रोड स्थित दरगाह पर 25 मई को हजरत बरिया वाले बाबा का उर्स मुबारक श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं।
दरगाह कमेटी की ओर से उर्स के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार, 25 मई की शाम 5 बजे से लंगर (भंडारा) प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके बाद रात 9 बजे से महफिल-ए-शमा कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मशहूर कव्वाल पेश करेंगे सूफियाना कलाम
उर्स के मौके पर आयोजित कव्वाली कार्यक्रम में मशहूर कव्वाल यासिर फैजान हुसैन एंड पार्टी अपने सूफियाना कलाम पेश करेगी। देर रात तक चलने वाली इस महफिल में सूफी रंग और इबादत का खास माहौल देखने को मिलेगा।
सुबह होगा चादर और संदल पेश
दरगाह के खादिम युनुस हुसैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्स के अवसर पर सुबह 6 बजे दरबारी चादर और संदल की रस्म अदा की जाएगी। उन्होंने कहा कि हजरत बरिया वाले बाबा के चाहने वाले और बुजुर्गाने दीन से मोहब्बत रखने वाले लोग हर वर्ष बड़ी श्रद्धा के साथ उर्स में शामिल होते हैं।
सर्वधर्म सद्भावना का प्रतीक है दरबार
कौड़िया रोड स्थित हजरत बरिया वाले बाबा की दरगाह वर्षों से हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का प्रतीक मानी जाती है। यहां हर धर्म और समाज के लोग अपनी श्रद्धा लेकर पहुंचते हैं। उर्स के दौरान क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल देखने को मिलता है।
लोगों से शामिल होने की अपील
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे 25 मई को निरंजन वार्ड, पवार हाउस के पास स्थित हजरत बरिया वाले बाबा दरगाह पहुंचकर उर्स मुबारक और कव्वाली कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।







