गाडरवारा-साईंखेड़ा मार्ग पर फिर हादसा, एक दिन में दूसरी बड़ी दुर्घटना
अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यापारी घायल, साईंखेड़ा अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने पर भड़के लोग

गाडरवारा। साईंखेड़ा क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात एक और दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां स्टेट हाईवे-44 पर देवरी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साईंखेड़ा निवासी आशीष श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आशीष श्रीवास्तव साईंखेड़ा के कुमकुम जनरल स्टोर के संचालक हैं और रात करीब 8 बजे बाइक से साईंखेड़ा लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और दो बाइक सवार युवकों ने घायल आशीष को तत्काल साईंखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टर नहीं, नर्सों के भरोसे इलाज
घटना के बाद सबसे चिंताजनक स्थिति अस्पताल में देखने को मिली। स्थानीय लोगों का आरोप है कि साईंखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय एक भी डॉक्टर मौजूद नहीं था। केवल नर्सिंग स्टाफ द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा था। गंभीर हालत होने के बावजूद घायल को समय पर उचित चिकित्सा नहीं मिल सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि 60 से 70 गांवों की स्वास्थ्य व्यवस्था संभालने वाले इस बड़े अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल लंबे समय से नर्सों के भरोसे चल रहा है।
रेफर के लिए नहीं मिला वाहन
बताया जा रहा है कि घायल को नरसिंहपुर रेफर करने की तैयारी की गई, लेकिन करीब एक घंटे तक एंबुलेंस या अन्य शासकीय वाहन उपलब्ध नहीं हो सका। परिजन और स्थानीय लोग निजी वाहन की व्यवस्था करने में जुटे रहे, जिससे इलाज में देरी हुई।
लोगों में आक्रोश
लगातार हो रहे सड़क हादसों और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
स्थानीय नागरिकों ने साईंखेड़ा अस्पताल में स्थायी डॉक्टरों की तत्काल नियुक्ति, पर्याप्त एंबुलेंस सुविधा और हाईवे पर सख्त यातायात नियंत्रण की मांग की है।







