मध्य प्रदेश

नगर विकास के लिए राजस्व वसूली जरूरी, अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश

गाडरवारा नगर पालिका अध्यक्ष पं. शिवाकांत मिश्रा ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में बकाया कर वसूली में तेजी लाने, वार्ड स्तर पर विशेष शिविर लगाने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

गाडरवारा। नगर पालिका परिषद गाडरवारा में गुरुवार को राजस्व विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष पंडित शिवाकांत मिश्रा ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए बकाया करों की वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों को गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राजस्व संग्रहण अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में राजस्व शाखा प्रभारी अमित कोष्ठी, राकेश पटैल, आनंद कौरव सहित विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान राजस्व वसूली की वर्तमान स्थिति, बकाया राशि तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर के करदाताओं से संपर्क कर बकाया राशि की समय पर वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही वसूली प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि नागरिकों को कर जमा करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक वार्ड में विशेष राजस्व शिविर लगाकर करदाताओं को जागरूक किया जाएगा तथा लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इससे राजस्व संग्रहण में तेजी आएगी और नगर पालिका की आय में वृद्धि होगी।

अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा राजस्व वसूली अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक के अंत में नगर हित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!