14 अगस्त को गाडरवारा में निकलेगी विशाल तिरंगा यात्रा, मंत्री उदय प्रताप सिंह होंगे शामिल

गाडरवारा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को गाडरवारा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा। नगर में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा में गाडरवारा विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
तिरंगा यात्रा 14 अगस्त शुक्रवार को सुबह 10 बजे पलोटन गंज स्थित शक्तिधाम से प्रारंभ होगी। आयोजन का उद्देश्य “एक तिरंगा, एक भारत, एक संकल्प” के संदेश के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।
शक्तिधाम से जय स्तंभ तक निकलेगी यात्रा
आयोजन समिति के अनुसार तिरंगा यात्रा शक्तिधाम से प्रारंभ होकर पानी की टंकी, चावड़ी चौकी और झंडा चौक होते हुए जय स्तंभ, पुरानी गल्ला मंडी पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
यात्रा में युवा, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल होंगे। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से नगर गूंजायमान रहेगा। डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ यात्रा का माहौल पूरी तरह राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आएगा। विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं द्वारा यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत भी किया जाएगा।
अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
तिरंगा यात्रा आयोजन समिति ने गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों, समाजसेवी संस्थाओं, व्यापारियों, मातृशक्ति, युवाओं और बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
समिति ने नागरिकों से अपने इष्ट-मित्रों और परिवारजनों के साथ यात्रा में शामिल होकर इसे भव्य, ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया है।
आयोजन समिति ने कहा कि “तिरंगा हमारी शान है, देश की पहचान है।” 14 अगस्त को पूरा नगर एकजुट होकर तिरंगे के साथ चलेगा और राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश देगा।







