क्राइममध्य प्रदेश

झाबुआ पुलिस को बड़ी सफलता: चोरी और लूट की 3 वारदातों का खुलासा, ₹5.20 लाख का मशरूका बरामद

थाना रायपुरिया पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, मंदिर चोरी और लूटकांड का भी हुआ पर्दाफाश

संवाददाता रमेश कुमार सोलंकी

झाबुआ, 17 जून 2026। झाबुआ जिले की थाना रायपुरिया पुलिस ने चोरी और लूट की तीन अलग-अलग वारदातों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 5 लाख 20 हजार रुपये मूल्य का चोरी एवं लूटा गया मशरूका बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने झकनावदा में एक सूने मकान में चोरी, सेमरोड़ गांव के राम मंदिर में चांदी के मुकुट और अन्य धार्मिक सामग्री की चोरी तथा ग्राम बनी में नकदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

सूने मकान को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार 21 दिसंबर 2025 को झकनावदा कस्बे में एक परिवार मेला देखने गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश मकान की छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर लगभग 50 हजार रुपये नकद एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना रायपुरिया में अपराध क्रमांक 326/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

राम मंदिर से चांदी के मुकुट और छत्र चोरी

दूसरी घटना 17 मार्च 2026 की है, जब ग्राम सेमरोड़ स्थित राम मंदिर में दर्शन करने के बहाने पहुंचे बदमाशों ने भगवान की प्रतिमा पर लगे चांदी के मुकुट, छत्र और चांदी की चेन चोरी कर ली थी। इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश था।

बकरा खरीदने जा रहे व्यक्ति से लूटे ₹75 हजार

तीसरी वारदात 26 अप्रैल 2026 को ग्राम बनी में हुई थी। सुबह बकरा खरीदने जा रहे एक व्यक्ति से बदमाशों ने 75 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए थे। इस मामले में थाना रायपुरिया में अपराध क्रमांक 144/26 दर्ज किया गया था।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया एवं एसडीओपी पेटलावद अनुरक्ति साबनानी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से संदिग्धों की पहचान कर उन पर निगरानी रखी। जांच के दौरान झकनावदा निवासी रिजवान खान और संग्राम सिंह को अन्य संपत्ति संबंधी अपराध में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर उक्त वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।

सैलाना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए आरोपी

जांच में सामने आया कि आरोपी आनंद गुर्जर और फरीद हुसैन फरारी के दौरान रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र में भी एक ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात कर चुके थे। दोनों आरोपी सैलाना जेल में बंद थे, जिन्हें पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी और लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर खेतों और कच्चे मकानों में छिपाकर रखा गया मशरूका बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर (25 वर्ष), निवासी झकनावदा
  • फरीद पिता मोहम्मद हुसैन (30 वर्ष), निवासी झकनावदा

पुलिस के अनुसार इनके दो अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं और वर्तमान में झाबुआ जेल में निरुद्ध हैं।

बरामद मशरूका

  • झकनावदा चोरी प्रकरण के सोने-चांदी के आभूषण – लगभग ₹4 लाख
  • राम मंदिर चोरी प्रकरण के 2 चांदी के मुकुट, 1 छत्र एवं 1 चांदी की चेन – लगभग ₹1 लाख
  • ग्राम बनी लूट प्रकरण की नकदी – ₹20 हजार

कुल बरामद मशरूका मूल्य – लगभग ₹5.20 लाख

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गीता जाटव, चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह सिसौदिया, मंगलसिंह सोलंकी, राजवीर सिंह, आरक्षक राजू मुवेल, शंकर भाबर, बबलू पंचोली तथा साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

झाबुआ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!