क्राइममध्य प्रदेश

शक्कर नदी पुल पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो से 50 पेटी अवैध शराब बरामद; चालक फरार

ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत गाडरवारा पुलिस की कार्रवाई, 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त, अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट में मामला दर्ज

गाडरवारा। जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन ईगल क्लॉ के तहत गाडरवारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गाडरवारा-करेली रोड स्थित शक्कर नदी पुल पर घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस को देखकर वाहन चालक बोलेरो छोड़कर मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गाडरवारा-करेली रोड से भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी गाडरवारा शुभम सिंह ठाकुर के नेतृत्व में थाना गाडरवारा पुलिस की टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने शक्कर नदी पुल के पास प्रभावी घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो वाहन क्रमांक MP 49 T 0946 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में देशी शराब की पेटियां रखी मिलीं।

50 पेटियों में मिली 2500 पाव शराब

वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को 11 पेटी देशी प्लेन शराब और 39 पेटी देशी मसाला शराब सहित कुल 50 पेटियां बरामद हुईं। इनमें कुल 2500 पाव शराब भरी हुई थी, जिसकी मात्रा लगभग 450 बल्क लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 89 हजार रुपये तथा बोलेरो वाहन की कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। इस प्रकार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने मौके से अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की पहचान एवं तलाश के लिए पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक अशोक सिंह चौहान के साथ सहायक उपनिरीक्षक विवेक मेहरा, राजेश तिवारी, प्रधान आरक्षक रामगोपाल राजपूत, भुवन लाल, वरिष्ठ आरक्षक महेंद्र बावरिया, रूपेंद्र चौबे, राकेश झा तथा आरक्षक दिनेश पटेल, अक्षय श्रीवास्तव, यश मेहरा एवं रामसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए नरसिंहपुर पुलिस का ऑपरेशन ईगल क्लॉ लगातार जारी है।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!