मध्य प्रदेश

इंदौर में संयुक्त किसान मोर्चा का सम्मेलन सम्पन्न, किसानों के मुद्दों पर एकजुट संघर्ष का आह्वान

35 जिलों के 30 किसान संगठनों ने की भागीदारी, कर्जमाफी, एमएसपी गारंटी और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय

गाडरवारा/इंदौर। संयुक्त किसान मोर्चा मध्य प्रदेश का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन 2 अक्टूबर को इंदौर के गांधी भवन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के 35 जिलों से करीब 30 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। सम्मेलन में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए संयुक्त रूप से संघर्ष को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

यह सम्मेलन अखिल भारतीय स्तर पर 27 एवं 28 अगस्त 2026 को दिल्ली में आयोजित मजदूर-किसान संयुक्त सम्मेलन के बाद देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित किए जा रहे सम्मेलनों की कड़ी में हुआ। सम्मेलन में किसान संगठनों ने संपूर्ण कर्जमाफी, सी2 प्लस 50 प्रतिशत के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित करने, एमएसपी की कानूनी गारंटी, ट्रेड डील रद्द करने तथा किसान-मजदूर विरोधी कानूनों को वापस लेने सहित विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष तेज करने की बात कही।

किसानों ने गन्ना, धान, गेहूं, सोयाबीन और सरसों सहित सभी प्रमुख फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने, किसानों की जमीनों के जबरन अधिग्रहण पर रोक लगाने तथा निजीकरण बंद करने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। सम्मेलन में राष्ट्रीय नेताओं के अलावा विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर संयुक्त संघर्ष के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त की।

नरसिंहपुर में होगा गन्ना उत्पादक किसानों का प्रदेश सम्मेलन

सम्मेलन के दौरान अखिल भारतीय गन्ना किसान महासंघ (AISFF) से संबद्ध मध्य प्रदेश गन्ना उत्पादक किसान सभा (MPSFS) के नेता जगदीश पटेल ने प्रदेश में बंद पड़े गन्ना कारखानों को पुनः चालू कराने तथा गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर संघर्ष का ऐलान किया।

जगदीश पटेल ने घोषणा की कि 28 अक्टूबर 2026 को नरसिंहपुर जिले में प्रदेश स्तरीय गन्ना किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में गन्ना उत्पादक किसानों के राष्ट्रीय नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने सभी किसान संगठनों से संयुक्त किसान मोर्चा के साथ एकजुट होकर किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने की अपील की।

सम्मेलन को नरसिंहपुर जिले के किसान नेता बृजमोहन कौरव ने भी संबोधित किया।

नरसिंहपुर से किसान नेताओं ने की भागीदारी

सम्मेलन में नरसिंहपुर जिले से मध्य प्रदेश किसान सभा के नेता देवेंद्र वर्मा तथा संयुक्त किसान मोर्चा से बृजमोहन कौरव और नेपाल सिंह गुर्जर शामिल हुए।

सम्मेलन में अखिल भारतीय संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा उठाए जा रहे किसान-मजदूरों से जुड़े मुद्दों और उसके आह्वानों को आगे बढ़ाने का पुरजोर समर्थन किया गया। किसान संगठनों ने विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त रूप से संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!