धर्ममध्य प्रदेश

गाडरवारा: श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी त्रिवेदी कॉलोनी की श्री गणेश प्रतिमा

मनमोहक साज-सज्जा ने खींचा भक्तों का ध्यान, प्रतिदिन दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु, छप्पन भोग, भजन संध्या और संगीतमय धमाल आरती में उमड़ा भक्तों का सैलाब

गाडरवारा। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर नगर की त्रिवेदी कॉलोनी में त्रिवेदी कॉलोनी राजा गणेश उत्सव मंडल द्वारा भगवान श्री गणेश की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है। मनमोहक प्रतिमा और विशेष साज-सज्जा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन एवं पूजन कर रहे हैं।

छप्पन भोग और भजन संध्या से भक्तिमय हुआ माहौल

गणेश उत्सव को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। आकर्षक साज-सज्जा के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला भी जारी है। इसी क्रम में भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इसके अलावा समिति द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजनों की मधुर प्रस्तुतियों के बीच भक्तगण भाव-विभोर नजर आए और पूरा परिसर गणपति भक्ति से गूंज उठा।

डोल ग्यारस पर संगीतमय धमाल आरती, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

डोल ग्यारस के पावन अवसर पर समिति द्वारा संगीतमय धमाल आरती का आयोजन किया गया। आरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। भक्तों ने भगवान गणेश की आरती कर सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की। इस दौरान पूरा क्षेत्र गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।

जनप्रतिनिधियों ने भी किए गणपति के दर्शन

गणेश उत्सव के दौरान बीते दिनों मध्यप्रदेश शासन में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी, मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य साधना स्थापक, नगरपालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों ने भी त्रिवेदी कॉलोनी पहुंचकर भगवान गणेश की मनमोहक प्रतिमा के दर्शन किए।

गणेश उत्सव के चलते इन दिनों त्रिवेदी कॉलोनी का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। समिति के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और सभी आयोजनों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!