ग्राम पचामा की बेटी पूजा श्रीवास्तव राज्यपाल से सम्मानित, कोषालय अधिकारी के रूप में बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
MPPSC से चयनित होकर निभा रहीं जिम्मेदारी, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका (नरसिंहपुर)। समीपस्थ ग्राम पचामा की बेटी कु. पूजा श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्यशैली से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के माध्यम से चयनित होकर कोषालय अधिकारी के पद पर सेवाएं दे रहीं पूजा श्रीवास्तव को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए महामहिम राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया।
पूजा श्रीवास्तव, श्री अशोक कुमार श्रीवास्तव (सचिव) की सुपुत्री हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि ग्राम पचामा, सालीचौका एवं पूरे नरसिंहपुर जिले के लिए भी सम्मान और प्रेरणा का अवसर है।
क्षेत्र के लोगों ने इस सम्मान पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि पूजा श्रीवास्तव की सफलता युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कठिन परिश्रम, लगन और ईमानदारी के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है, जिससे क्षेत्र का नाम प्रदेशभर में गौरवान्वित हुआ है।
ग्रामवासियों एवं शुभचिंतकों ने पूजा श्रीवास्तव को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की है।







