नरसिंहपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका
नरसिंहपुर के कठोतिया गांव के पास बारूरेवा पुल के समीप 40 वर्षीय युवक तुलसीराम मेहरा का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कठोतिया के पास बारूरेवा पुल के समीप मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव झाड़ियों के बीच पड़ा मिला, जबकि मृतक के गले पर गहरे काले निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीण ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम ग्राम कठोतिया के एक ग्रामीण खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर झाड़ियों के बीच पड़े एक शव पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्राम सरपंच को दी। सरपंच द्वारा कोतवाली पुलिस को जानकारी दिए जाने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान
पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव की तस्वीरें सोशल मीडिया के विभिन्न ग्रुपों में साझा कीं। इसके बाद मृतक के परिजन सामने आए और उसकी पहचान तुलसीराम (40) पिता डोरीलाल मेहरा, निवासी बहोरीपार (थाना स्टेशनगंज) के रूप में की।
भाई से मिलने निकला था घर से
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तुलसीराम घर से यह कहकर निकला था कि वह करेली के अंबेडकर वार्ड स्थित बालिका छात्रावास में पदस्थ अपने मंझले भाई से मिलने जा रहा है। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसके शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमार्टम कराया गया, रिपोर्ट का इंतजार
बुधवार सुबह शासकीय जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
कोतवाली थाना प्रभारी गौरव चाटे ने बताया कि मामला संदिग्ध परिस्थितियों का है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है तथा परिजनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।







