विकास पथ यात्रा के तहत सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने किया एनटीपीसी और कोल माइंस का अवलोकन, किसानों और हितग्राहियों से किया संवाद
गाडरवारा में विकास पथ यात्रा के तहत सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने एनटीपीसी गाडरवारा, निर्माणाधीन फेस-2 परियोजना और गुटीटोरिया कोल माइंस का निरीक्षण किया। किसान संगोष्ठी, हितग्राही सम्मेलन और जनसंवाद कार्यक्रमों में भी सहभागिता की।

गाडरवारा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विकास पथ यात्रा” के तहत होशंगाबाद-नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया तथा जनसंवाद कार्यक्रमों में भाग लेकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई।
एनटीपीसी गाडरवारा का किया निरीक्षण
विकास तीर्थ दर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने एनटीपीसी गाडरवारा का दौरा कर परियोजना की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सांसद ने एनटीपीसी अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संवाद कर क्षेत्रीय विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने निर्माणाधीन एनटीपीसी फेस-2 परियोजना का भी निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। सांसद ने कहा कि इस तरह की बड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

गुटीटोरिया कोल माइंस का भी किया अवलोकन
इसके बाद सांसद चौधरी ने गुटीटोरिया स्थित कोल माइंस का भ्रमण कर वहां संचालित खनन गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने परियोजना अधिकारियों से चर्चा करते हुए क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार के अवसरों और स्थानीय लोगों को मिलने वाले लाभों पर विचार-विमर्श किया।
प्राकृतिक खेती पर किसान संगोष्ठी आयोजित
ग्राम चांदनखेड़ा में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में सांसद चौधरी ने किसानों से चर्चा करते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को केंद्र सरकार की कृषि योजनाओं एवं प्राकृतिक कृषि के लाभों की विस्तृत जानकारी दी। किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
हितग्राही सम्मेलन में योजनाओं की दी जानकारी
ग्राम चारगांव खुर्द में आयोजित हितग्राही सम्मेलन में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों और उनके प्रभाव पर चर्चा की गई।
वहीं ग्राम सूखाखैरी में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं सम्मानित नागरिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाज और संगठन में योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया गया।
साईंखेड़ा में कार्यकर्ताओं से किया संवाद
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने साईंखेड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई गति
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा और गति मिली है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रमों में पूर्व विधायक नरेश पाठक, वरिष्ठ नेता ठाकुर भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष जगमोहन मरैया, जिला उपाध्यक्ष मुकेश मरैया, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राव उदय प्रताप सिंह कौरव, मोहर सिंह गुर्जर, कमल खटीक, मंडल अध्यक्ष नरेश कौरव, दिग्विजय सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।







